रवीना टंडन ने ऐश्वर्या राय बच्चन की ट्रोलिंग को ‘बेहद अनुचित’ बताया

Ads

रवीना टंडन ने ऐश्वर्या राय बच्चन की ट्रोलिंग को 'बेहद अनुचित' बताया

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 06:08 PM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 06:08 PM IST

मुंबई, पांच जुलाई (भाषा) अभिनेत्री रवीना टंडन ने एक अंतरराष्ट्रीय रेड कार्पेट समारोह में अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन को सोशल मीडिया पर निशाना बनाए जाने की आलोचना करते हुए इसे ‘‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अनुचित’’ बताया।

इस वर्ष मई में कान फिल्म महोत्सव में अपनी उपस्थिति के दौरान ऐश्वर्या ने अमित अग्रवाल द्वारा डिजाइन किए गए नीले रंग के गाउन में रेड कार्पेट पर शिरकत की थी, जिसने व्यापक ध्यान आकर्षित किया था।

हालांकि, महोत्सव की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद उन्हें ‘ऑनलाइन ट्रोलिंग’ का सामना करना पड़ा।

रवीना ने कहा कि महिलाओं के रूप-रंग को लेकर लगातार की जाने वाली टिप्पणियां सोशल मीडिया के दौर की ‘‘विषाक्त प्रवृत्ति’’ को दर्शाती हैं।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण और पूरी तरह अनुचित है। किसी महिला की बढ़ती उम्र, उसके वजन या उसके पहनावे को लेकर इस तरह लगातार अत्यधिक ध्यान केंद्रित करना हमारी डिजिटल संस्कृति की एक निरंतर विषाक्त प्रवृत्ति है।’’

रवीना टंडन ने ऐश्वर्या राय बच्चन को ‘‘वैश्विक पहचान रखने वाली हस्ती’’ बताते हुए कहा कि उन्हें केवल इस तरह के आकलनों तक सीमित कर देना उनके योगदान और कद को कमतर आंकने जैसा है।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐश्वर्या एक ऐसी वैश्विक हस्ती हैं, जिन्होंने दशकों से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गरिमा और शालीनता के साथ हमारे देश का प्रतिनिधित्व किया है। उनके कद, उपलब्धियों और बुद्धिमत्ता वाली महिला को केवल किसी खराब कैमरा एंगल या किसी प्रयोगात्मक परिधान के आधार पर आंकना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।’’

रवीना ने कहा कि यह प्रतिक्रिया इस व्यापक सामाजिक दोहरे मापदंड को भी उजागर करती है कि पुरुष और महिला कलाकारों को अलग-अलग नजरिये से देखा जाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारे समाज में रोजमर्रा के दोहरे मापदंड को दर्शाता है। हम अपनी महिला अभिनेत्रियों से उम्मीद करते हैं कि वे हमेशा वैसी ही दिखें जैसी वे बीस वर्ष पहले दिखती थीं, जबकि पुरुष कलाकारों को उम्र बढ़ने, बदलने और आगे बढ़ने की पूरी छूट होती है।’’

रवीना टंडन की हालिया फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।

भाषा

राखी नरेश

नरेश