(SBI Pofficer Recruitment 2026/ Image Credit: AI-generated)
नई दिल्ली: SBI Pofficer Recruitment 2026: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) जो देश का सबसे बड़ा बैंक है, उन्होंने अपने कारोबार के विस्तार को ध्यान में रखते हुए इस साल 1,500 प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO) की भर्ती करने की योजना बनाई है। इस भर्ती में कुल 1,500 पद शामिल है। जिनमें 1,446 नियमित पद और 54 लंबित श्रेणी के पद हैं। यह भर्ती बैंक की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जा रहा है।
इस भर्ती के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 8 जुलाई तय की गई है। बैंक का लक्ष्य है कि पूरी चयन प्रक्रिया दिसंबर 2026 तक पूरी कर ली जाए। उम्मीदवारों के पास किसी भी विषय में स्नातक डिग्री होना जरूरी है। इसके साथ ही आवेदन करने वाले की न्यूनतम आयु 1 अप्रैल 2026 तक 21 वर्ष होनी चाहिए। अन्य आरक्षित वर्गों को नियमों के अनुसार आयु में छूट भी दी जाएगी।
SBI केवल प्रोबेशनरी ऑफिसर ही नहीं बल्कि आईटी प्रोफेशनल्स और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की भी सीधी भर्ती करता है। इनमें डेटा सेंटर, साइबर सुरक्षा, जोखिम प्रबंधन, कानूनी, ट्रेजरी, कंप्लायंस और डेटा एनालिटिक्स जैसे विभाग शामिल हैं। बैंक का उद्देश्य आधुनिक बैंकिंग जरूरतों के अनुसार तकनीकी और विशेषज्ञ स्टाफ को शामिल करना है।
पिछले वित्त वर्ष में SBI ने खेल क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 67 खिलाड़ियों की भी भर्ती की थी। इसके अलावा बैंक ने 4,640 अधिकारियों, 19,340 सहायक कर्मचारियों और 1,653 अनुबंध कर्मचारियों की नियुक्ति की। इससे पता चलता है कि बैंक लगातार अपने कार्यबल को मजबूत कर रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में अवसर प्रदान कर रहा है।
SBI में कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने की दर काफी कम है। वित्त वर्ष 2025-26 में यह दर लगभग 0.97 प्रतिशत रही जो बैंकिंग सेक्टर में सबसे कम मानी जाती है। यह आंकड़ा बैंक की स्थिर कार्य संस्कृति, बेहतर नीतियों और कर्मचारियों के प्रति मजबूत भरोसे को दर्शाता है। बैंक लगातार एक मजबूत और स्थायी कार्यबल तैयार करने पर ध्यान दे रहा है।