रिक्शा चालक की बेटी ने अपने बैंक खातों में 2.6 करोड़ रुपये के लेन-देन को लेकर पुलिस से संपर्क किया

Ads

रिक्शा चालक की बेटी ने अपने बैंक खातों में 2.6 करोड़ रुपये के लेन-देन को लेकर पुलिस से संपर्क किया

  •  
  • Publish Date - February 27, 2026 / 08:58 PM IST,
    Updated On - February 27, 2026 / 08:58 PM IST

ठाणे, 27 फरवरी (भाषा) ठाणे जिले के डोंबिवली में एक ऑटो रिक्शा चालक की बेटी ने अपने बैंक खातों में 2.6 करोड़ रुपये के अनधिकृत लेनदेन को लेकर पुलिस से संपर्क किया।

कल्याण के एक प्रतिष्ठित कॉलेज की छात्रा निधि तिवारी ने संवाददाताओं को बताया कि उनकी निजी जानकारी का दुरुपयोग बड़े पैमाने पर अवैध लेन-देन को अंजाम देने के लिए किया गया, जिसका संबंध उत्तराखंड में चल रहे एक घोटाले से हो सकता है।

रामनगर पुलिस थाने में दर्ज कराई गई उनकी शिकायत के अनुसार, एक निजी बैंक में कार्यरत निधि के एक मित्र ने खाता खोलने में मदद करने की पेशकश की।

निधि ने बताया, “बाद में मेरी जानकारी के बिना मेरे बैंक खाते का इस्तेमाल कई लेन-देनों के लिए किया गया। जब मैंने जांच की, तो पता चला कि अलग-अलग बैंकों में मेरे नाम से कई खाते खोले गए थे। अकेले एक खाते में ही लेन-देन 10 लाख रुपये से अधिक हो गया, जबकि कुल राशि 2.6 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी।”

निधि ने बताया कि जब उन्होंने अचानक आए पैसों के बारे में अपनी दोस्त से पूछा, तो उसने टालमटोल भरे जवाब दिए और कहा कि कुछ नहीं होगा।

उस महिला ने बताया कि उत्तराखंड में साइबर अपराधों की जांच कर रही केंद्रीय एजेंसियों द्वारा इनमें से कई खातों को चिह्नित और उन खातों से लेन-देन रोके जाने की जानकारी मिलने पर उसका संदेह और बढ़ गया।

महिला ने आरोप लगाया कि जिले के बदलापुर और उल्हासनगर के तीन व्यक्ति उसकी पहचान का फर्जी इस्तेमाल कर लेनदेन कर रहे थें।

उन्होंने कहा, “मैं पिछले तीन महीनों से इस मामले की जांच कर रही हूं। उत्तराखंड में लोगों को धोखा दिया गया है और मेरे खातों का इस्तेमाल एक माध्यम के रूप में किया गया है। मैं अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए गहन जांच चाहती हूं।”

रामनगर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक गणेश जावदवाड ने निधि की शिकायत मिलने की पुष्टि की।

उन्होंने कहा, “हमें इस मामले में उनका आवेदन प्राप्त हुआ है। इन लेन-देन की पुष्टि करने और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए फिलहाल जांच जारी है।”

इस बीच, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेन के नेता अविनाश जाधव ने शिकायतकर्ता के साथ “सहयोग न करने” के लिए पुलिस की कड़ी आलोचना की है।

उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की ताकि निधि को अनावश्यक परेशानी न हो।

भाषा

राखी माधव

माधव