पंजाब: नवनिर्वाचित 31 निर्दलीय पार्षद शिअद में शामिल, 20 और पार्षदों के शामिल होने की संभावना

Ads

पंजाब: नवनिर्वाचित 31 निर्दलीय पार्षद शिअद में शामिल, 20 और पार्षदों के शामिल होने की संभावना

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 11:16 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 11:16 PM IST

चंडीगढ़, एक जून (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार को हाल ही में हुए नगर निकाय चुनावों में पार्षद चुने गए 31 निर्दलीय उम्मीदवारों को पार्टी में शामिल किया।

चुनाव जीतने वाले 20 और निर्दलीय उम्मीदवारों को भी जल्द ही पार्टी में शामिल किया जाएगा। इन सभी ने शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) को अपना समर्थन दिया है।

मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट के आठ नगर निगम क्षेत्रों में 1,897 वार्डों वाले 102 नगर निकायों, 75 नगर पालिका परिषदों और 19 नगर पंचायतों के चुनाव 26 मई को मतपत्रों के माध्यम से हुए थे जिसमें 63.94 प्रतिशत मतदान हुआ।

आम आदमी पार्टी (आप) ने 48 प्रतिशत से अधिक नगर निकाय वार्डों में जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही, इसके बाद शिअद और भाजपा का स्थान रहा।

यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शिअद अध्यक्ष ने कहा कि 51 निर्दलीय पार्षदों द्वारा शिअद में अपना विश्वास व्यक्त करने के साथ उनकी पार्टी के नेतृत्व में जीते गए वार्डों की कुल संख्या बढ़कर 243 हो गई है। शिअद ने अपनी पार्टी के चुनाव चिह्न पर मूल रूप से केवल 192 वार्डों में जीत दर्ज की है।

बादल ने यह भी घोषणा की कि उनकी पार्टी ने नौ नगर समितियों में पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है, जबकि कांग्रेस को छह और भाजपा को दो समितियों में बहुमत मिला है।

जिन समितियों में शिअद को पूर्ण बहुमत मिला है उनमें मलुका, कोट शमीर, भगता भैका, भुचो, नथाना, लेहरा मोहब्बत, संगत, कोट फत्ता और राहोन हैं।

भाषा संतोष वैभव

वैभव