गुरुग्राम: सेक्टर-37 में मामूली विवाद के बाद मारपीट, स्थिति सामान्य, कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं

Ads

गुरुग्राम: सेक्टर-37 में मामूली विवाद के बाद मारपीट, स्थिति सामान्य, कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 11:20 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 11:20 PM IST

गुरुग्राम, एक जून (भाषा) गुरुग्राम के सेक्टर-37 में सोमवार को हुई कहासुनी के बाद दो गुटों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना इलाके में स्थित वॉल्वो शोरूम के पास हुई। दोनों गुटों के बीच झड़प कई मिनटों तक चलती रही, जिससे वहां भारी भीड़ जमा हो गई।

इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।

एक वीडियो में दोनों पक्षों के युवक एक-दूसरे पर लाठियों से वार करते दिख रहे हैं। कुछ लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं, लेकिन झगड़ रहे युवक उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे।

अधिकारियों ने बताया कि जब पुलिस का दल मौके पर पहुंचा, तो आरोपी वहां से भाग निकले और स्थिति दोबारा सामान्य हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद एक छोटी सी बात को लेकर शुरू हुआ था। शुरुआत में दोनों पक्षों के युवकों के बीच तीखी बहस हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उन्होंने गाड़ियों और आसपास से लाठी-डंडे और रॉड निकाल लिए तथा एक-दूसरे पर हमला कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, इसलिए कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।

सेक्टर-37 थाने के थाना प्रभारी (एसएचओ) ने कहा, ‘हम मामले की जांच कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।’

भाषा सुमित वैभव

वैभव