आरएसएस प्रमुख ने राजनीति को समाज सेवा मानने वाले गंगाधरराव फडणवीस की सराहना की

Ads

आरएसएस प्रमुख ने राजनीति को समाज सेवा मानने वाले गंगाधरराव फडणवीस की सराहना की

  •  
  • Publish Date - March 22, 2026 / 09:44 PM IST,
    Updated On - March 22, 2026 / 09:44 PM IST

नागपुर, 22 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भगवत ने रविवार को कहा कि देवेंद्र फडणवीस के दिवंगत पिता गंगाधरराव फडणवीस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सोच को आकार दिया ताकि वे राजनीति को समाज सेवा के साधन के रूप में देख सकें।

नागपुर में ‘गंगाधरराव फडणवीस निदान सेंटर’ का उद्घाटन करने के बाद भागवत ने कहा कि यह सुविधा, जो जनसेवा के लिए है, यह उस व्यक्ति के नाम पर है जिसने अपने जीवन के माध्यम से यह दिखाया कि एक सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता को कैसे कार्य करना चाहिए।

भगवत ने कहा, ‘‘गंगाधरराव ने ही देवेंद्र फडणवीस और नितिन गडकरी की सोच को आकार दिया, जो विश्वासपूर्वक कह ​​सकते हैं कि राजनीति का अर्थ सामाजिक सेवा है। गंगाधरराव लोगों से जुड़ने और उन्हें सामाजिक कार्यों में संलग्न करने में कुशल थे। वे ईमानदार रहे और एक व्यापक सामाजिक लक्ष्य की पूर्ति के लिए निस्वार्थ भाव से काम करते रहे।’’

आरएसएस प्रमुख ने कहा कि अपने सक्रिय वर्षों के दौरान सीमित संसाधनों और धन के बावजूद, गंगाधरराव ने एक बड़े उद्देश्य के लिए लोगों को एक साथ लाने पर ध्यान केंद्रित किया, और जैसे-जैसे अधिक लोग जुड़ते गए समर्थन मिलता गया।

उन्होंने जोर देकर कहा कि सेवा कोई एहसान नहीं बल्कि आत्म-शुद्धि का साधन है और मन को ऐसे कार्यों में लगाए रखना आवश्यक है।

चुनाव के समय सेवा करने वालों की संख्या में वृद्धि होती है, लेकिन भागवत ने कहा कि ऐसे प्रयास कभी-कभी स्वार्थ या भय से प्रेरित होते हैं और लंबे समय तक कायम नहीं रह पाते।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि उनके पिता द्वारा किए गए कार्यों का उन पर गहरा प्रभाव पड़ा और उन्हें समाज की निस्वार्थ सेवा करने की प्रेरणा मिली।

सुविधा के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए फडणवीस ने कहा कि निदान केंद्र के लिए काम करने वाली टीम ने जोर दिया था कि इसका नाम उनके पिता के नाम पर रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने और उनके परिवार ने कभी भी अपनी किसी दान-पुण्य पहल का नाम अपने पिता के नाम पर नहीं रखा था, लेकिन निदान केंद्र के से जुड़ी टीम उनकी माता को मनाने में सफल रही।

उन्होंने कहा कि निदान केंद्र में आधुनिक उपकरण हैं जो किफायती कीमतों पर या मुफ्त में भी कई प्रकार की सेवाएं प्रदान करते हैं।

फडणवीस ने कहा कि बचपन में पिता के कार्यों को देखकर उन पर गहरा प्रभाव पड़ा और इसी ने उन्हें समाज की निस्वार्थ सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

फडणवीस ने कहा कि आरएसएस और संघ प्रमुख मोहन भागवत से प्रेरणा लेकर और गडकरी के मार्गदर्शन में विभिन्न कल्याणकारी पहलें चलाई जा रही हैं।

उन्होंने आगे कहा, ‘‘सरकार ने महाराष्ट्र में 4500 अस्पतालों का एक नेटवर्क बनाया है, जिनमें 2400 बीमारियों का मुफ्त इलाज उपलब्ध है। इसके साथ ही ऐसे कई निदान केंद्रों की भी आवश्यकता है।’’

गंगाधरराव के साथ अपने घनिष्ठ और लंबे जुड़ाव को याद करते हुए गडकरी ने कहा कि उन्होंने बेहद कठिन समय में भी भाजपा और जनसंघ के लिए निस्वार्थ भाव से काम किया। गडकरी ने कहा कि उन्होंने नागपुर में पार्टी के विस्तार के लिए काम किया।

भाषा संतोष नरेश

नरेश