राजपाल यादव की वित्तीय स्थिति के बारे में टिप्पणी के बाद सलमान खान ने उनका समर्थन किया

राजपाल यादव की वित्तीय स्थिति के बारे में टिप्पणी के बाद सलमान खान ने उनका समर्थन किया

राजपाल यादव की वित्तीय स्थिति के बारे में टिप्पणी के बाद सलमान खान ने उनका समर्थन किया
Modified Date: April 7, 2026 / 05:29 pm IST
Published Date: April 7, 2026 5:29 pm IST

मुंबई, सात अप्रैल (भाषा) मुंबई में एक पुरस्कार समारोह में अभिनेता राजपाल यादव की वित्तीय परेशानियों का मजाक उड़ाए जाने पर विवाद खड़ा होने के बाद अभिनेता सलमान खान ने मंगलवार को उनके प्रति समर्थन जताया।

यादव ने रविवार रात चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स में हिस्सा लिया, जहां प्रस्तोता सौरभ द्विवेदी ने अभिनेता से जुड़े नौ करोड़ रुपये के चेकबाउंस मामले पर टिप्पणी की। इस मामले में यादव को कुछ समय के लिए जेल जाना पड़ा था। बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

खान ने यादव के आधिकारिक हैंडल को टैग करते हुए कहा कि दिग्गज अभिनेता यादव लगभग 30 वर्ष से फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं और अपनी अभिनय कला की वजह से फिल्म निर्माताओं के बीच उनकी भारी मांग रही।

खान ने लिखा, “काम तो आपको बहुत मिलेगा और इसी डॉलर रेट पर मिलेगा और मिलता रहेगा। हकीकत ये है।”

उन्होंने कहा, “और ये याद रखना कि कभी-कभी फ्लो में कुछ बातें निकल जाती हैं। आपको (पैसे) लौटाने ही हैं (जवाब मत दो), इसे ध्यान में रखो और दिल से काम करो। डॉलर ऊपर जाए या नीचे, इससे क्या फर्क पड़ता है, भुगतान तो भारत में ही होना है।’

यादव सलमान खान के साथ “मुझसे शादी करोगी” और ‘पार्टनर’ जैसी फिल्मों में कर चुके हैं।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने फरवरी में चेक बाउंस मामले में और समय देने की यादव की याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था। यह मामला 2012 में आई उनकी फिल्म “अता पता लापता” के लिए लिए गए पांच करोड़ रुपये के कर्ज से जुड़ा था, जो अब बढ़कर नौ करोड़ रुपये हो गया है। उन्हें अंतरिम जमानत मिलने से पहले लगभग 13 दिन तिहाड़ जेल में बिताने पड़े।

सौरभ द्विवेदी और कॉमेडियन जाकिर खान संयुक्त रूप से पुरस्कार समारोह का संचालन कर रहे थे। इस दौरान यादव ने अमेरिका-इजराइल के ईरान के खिलाफ युद्ध के कारण जारी तेल संकट और उससे वैश्विक मुद्रा में आए उतार-चढ़ाव पर बात की।

इस पर द्विवेदी ने टिप्पणी की, ‘राजपाल भाई, डॉलर-रुपया कितना भी ऊपर-नीचे हो, आपको उतने ही पैसे लौटाने पड़ेंगे जितने उधार हैं।’

अभिनेता ने इस टिप्पणी को मुस्कुराते हुए नजरअंदाज कर दिया और कहा, ‘मसला तो एक बार सुन लो, मैं तो मसला ही सुनाना चाहता हूं।”

एक ओर स्थिति को शालीनता से संभालने के लिए सोशल मीडिया पर राजपाल यादव की तारीफ हुई, तो दूसरी ओर सौरभ द्विवेदी को उनकी टिप्पणी के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा।

हालांकि, यादव ने द्विवेदी का बचाव करते हुए लोगों से उनकी आलोचना न करने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘सौरभ और जाकिर खान मेरे छोटे भाइयों जैसे हैं। उन्होंने हमेशा मुझे सम्मान दिया है। हम कलाकार, पत्रकार और कहानीकार हमेशा एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं। और सौरभ ने ऑडिटोरियम में सभी को मेरे लिए खड़े होकर तालियां बजाने के लिए कहा।’

अभिनेता ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘उनकी आलोचना मत कीजिए और उनके बारे में कुछ भी गलत मत लिखिए… उनका दिल मत दुखाइए। उनका दिल दुखाना मेरे दिल को दुखाने के बराबर है। अगर आप सौरभ के बारे में कुछ भी गलत लिखेंगे, तो मुझे दुख होगा। मैं सौरभ से प्यार करता हूं, मैं जाकिर से प्यार करता हूं और मैं आप सभी से प्यार करता हूं।”

भाषा

जोहेब पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में