संजय राउत ने शिवसेना (उबाठा) सांसद के पाला बदलने की अटकलें खारिज की

संजय राउत ने शिवसेना (उबाठा) सांसद के पाला बदलने की अटकलें खारिज की

संजय राउत ने शिवसेना (उबाठा) सांसद के पाला बदलने की अटकलें खारिज की
Modified Date: June 16, 2026 / 01:35 pm IST
Published Date: June 16, 2026 1:35 pm IST

मुंबई, 16 जून (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के सांसद संजय राउत ने पार्टी सांसद संजय देशमुख के एक दिन पहले शिवसेना मंत्री प्रतापराव जाधव से मुलाकात के बाद उनके पाला बदलने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि ‘‘गलत तस्वीर पेश की जा रही है’’ और पार्टी के सभी सांसद मजबूती से पार्टी के साथ हैं।

नयी दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में राज्यसभा सदस्य राउत ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह राजनीतिक दलों को तोड़ने का काम कर रही है, जो देश के राजनीतिक स्वास्थ्य के लिए अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘शिवसेना (उबाठा) के सभी सांसद एकजुट हैं और आगे भी एकजुट रहेंगे।’’

उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) ने महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना द्वारा पार्टी सांसदों को अपने पाले में लाने के लिए कथित ‘ऑपरेशन टाइगर’ चलाए जाने की अटकलों को भी तवज्जो नहीं दी।

ठाकरे ने रविवार को पार्टी सांसदों की एक बैठक बुलाई थी। लोकसभा के नौ सदस्यों में से केवल चार—अरविंद सावंत, अनिल देसाई, राजाभाऊ वाजे और संजय पाटिल व्यक्तिगत रूप से बैठक में शामिल हुए, जबकि ओमप्रकाश राजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाकचौरे, नागेश बापुराव पाटिल आष्टीकर और संजय देशमुख ने ऑनलाइन माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि सांसद संजय जाधव ने ठाकरे से फोन पर बात की थी। ऑनलाइन शामिल होने वाले सांसदों ने इसके लिए अलग-अलग कारण बताए थे।

यवतमाल-वाशिम से सांसद संजय देशमुख ने कहा था कि वह पारिवारिक कारणों से बैठक में शामिल नहीं हो सके। हालांकि, सोमवार को उन्होंने दिल्ली में प्रतापराव जाधव से मुलाकात की, जिसके बाद उनके पाला बदलने की अटकलें तेज हो गईं।

राउत ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा, ‘‘ऐसी तस्वीर पेश करना गलत है।’’

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कुछ शिवसेना (यूबीटी) सांसदों द्वारा तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसदों की तर्ज पर एक अलग समूह बनाने की चर्चाओं के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलने के लिए दिल्ली आए हैं, तो उन्होंने ऐसी किसी भी संभावना से इनकार किया।

राउत ने अपनी दिल्ली यात्रा के उद्देश्य के बारे में पूछे गए एक अन्य सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया।

भाषा

मनीषा अमित

अमित


लेखक के बारे में