पटकथा लेखक सलीम खान की हालत स्थिर, लेकिन निगरानी में : डॉक्टर

पटकथा लेखक सलीम खान की हालत स्थिर, लेकिन निगरानी में : डॉक्टर

पटकथा लेखक सलीम खान की हालत स्थिर, लेकिन निगरानी में : डॉक्टर
Modified Date: February 17, 2026 / 08:02 pm IST
Published Date: February 17, 2026 8:02 pm IST

मुंबई, 17 फरवरी (भाषा) जावेद अख्तर के साथ ‘शोले’, ‘दीवार’ और ‘डॉन’ जैसी प्रतिष्ठित हिंदी फिल्में लिखने वाले दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान की हालत फिलहाल स्थिर है लेकिन उन्हें चिकित्सीय निगरानी में रखा गया है।

पटकथा लेखक सलीम खान को मंगलवार सुबह बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था।

खान (90) का इलाज कर रहे डॉ. जलील पारकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक बयान में बताया कि उन्हें सुबह 8:30 बजे आईसीयू में भर्ती किया गया।

पारकर ने कहा, ‘उनकी हालत स्थिर है लेकिन उनकी नैदानिक स्थिति को देखते हुए उन्हें गहन निगरानी में रखा गया है।’

बयान के अनुसार, खान को उनके पारिवारिक चिकित्सक संदीप चोपड़ा आपातकालीन विभाग में लेकर आए थे। आपातकालीन कक्ष में तत्काल चिकित्सा शुरू की गई और उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष में स्थानांतरित कर दिया गया।

इसमें कहा गया है कि डॉ. विनय चव्हाण (तंत्रिका विज्ञानी), डॉ. अजीत मेनन ( हृदय रोग विशेषज्ञ), डॉ. नितिन डांगे (न्यूरोसर्जन) और डॉ. बिनीत अहलूवालिया की टीम उनका उपचार कर रही है।

डॉ. पारकर ने बताया कि चिकित्सकों की टीम ‘परिजनों की सहमति और मरीज की गोपनीयता का पूरा ध्यान रखते हुए’ बुधवार सुबह 11 बजे प्रेस बुलेटिन जारी करेगी।

सलीम खान के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ने के साथ ही उनके बेटे और सुपरस्टार सलमान खान, बेटी अलवीरा, दामाद अतुल अग्निहोत्री और आयुष शर्मा को अस्पताल जाते देखा गया।

इंदौर के एक समृद्ध परिवार से ताल्लुक रखने वाले खान स्टार बनने का सपना लेकर करीब 20 साल की उम्र में मुंबई आए थे। वह काफी आकर्षक थे और उन्हें भरोसा था कि वह एक अभिनेता के तौर पर फिल्म उद्योग में अपनी पहचान बनाएंगे।

हालांकि, ऐसा नहीं हो सका। करीब एक दशक तक संघर्ष करने और फिल्मों में छोटी भूमिकाओं तक सीमित रहने के बाद उन्होंने अपना रास्ता बदल लिया।

उन्होंने अबरार अल्वी के सहायक के रूप में कार्य किया। इसके बाद जल्द ही उनकी मुलाकात जावेद अख्तर से हुई। फिर अख्तर और खान ने मिलकर करीब दो दर्जन फिल्मों पर काम किया, जिनमें से अधिकतर फिल्में ब्लॉकबस्टर साबित हुईं।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में