ठाणे, नौ अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे में एक निर्माणाधीन परियोजना स्थल के खुले बेसमेंट क्षेत्र में रविवार को 60 वर्षीय एक सुरक्षा गार्ड का शव मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान अशोक सालुंखे के रूप में हुई है, जो ‘सैटिस-2’ परियोजना स्थल पर संविदा सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते थे।
‘स्टेशन एरिया ट्रैफिक इम्प्रूवमेंट स्कीम’ (सैटिस-2) ठाणे (पूर्व) में महानगरपालिका की एक बहु-मॉडल परिवहन परियोजना है। इसका उद्देश्य स्टेशन क्षेत्र में यातायात की भीड़ कम करना, पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही को अलग करना तथा सार्वजनिक परिवहन के लिए एक बड़े बहु-स्तरीय डेक का निर्माण करना है।
पुलिस के अनुसार, सालुंखे ने शनिवार को सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक अपनी नियमित ड्यूटी पूरी की थी, लेकिन इसके बाद वह कोपरी स्थित अपने घर नहीं लौटे। रातभर तलाश करने के बाद परिवार के सदस्यों ने रविवार सुबह परियोजना के बेसमेंट क्षेत्र में उनका शव पाया और तुरंत कोपरी पुलिस को इसकी सूचना दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से शव पर गंभीर शारीरिक हमले के स्पष्ट निशान मिले हैं। शव की एक उंगली कटी हुई भी मिली है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही होगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या सालुंखे पर अनधिकृत रूप से परिसर में घुसे लोगों या नशे में धुत व्यक्तियों के साथ विवाद के दौरान हमला किया गया था। पुलिस वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड तस्वीरों का भी विश्लेषण कर रही है।
भाषा गोला धीरज
धीरज