आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने सड़क हादसे में मेडिकल छात्रा की मौत पर जताया दुख

Ads

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने सड़क हादसे में मेडिकल छात्रा की मौत पर जताया दुख

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 08:34 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 08:34 PM IST

अमरावती (आंध्र प्रदेश), नौ अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राजमहेंद्रवरम में एक सड़क दुर्घटना में मेडिकल की पढ़ाई कर रही एक छात्रा की मौत पर रविवार को दुख व्यक्त किया।

यह हादसा बृहस्पतिवार को राजमहेंद्रवरम के एक शॉपिंग मॉल के बाहर हुआ था। शराब के नशे में धुत युवाओं की एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल सवार दो स्नातकोत्तर मेडिकल छात्रों- प्रियंका और उमेश को टक्कर मार दी और चालक कार लेकर फरार हो गया।

इस हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने के कारण प्रियंका की मौत हो गई, जबकि उमेश को मामूली चोटें आई हैं।

मुख्यमंत्री नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘प्रियंका की मौत बेहद दुखद है। यह अत्यंत दर्दनाक है कि शराब के नशे में गाड़ी चला रहे युवाओं की लापरवाही के कारण एक होनहार मेडिकल छात्रा को अपनी जान गंवानी पड़ी।’

नायडू ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

भाषा

सुमित प्रशांत

प्रशांत