ठाणे, सात अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में शुक्रवार को 23 मंजिला एक इमारत में हवा और पाइप के लिए छोड़ी गई खुली जगह में बने जाल पर फंदे से लटक कर 72 वर्षीय एक बुजुर्ग ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह के समय कासरवडवली इलाके में स्थित तारांगन सोसाइटी में हुई।
उन्होंने बताया कि मृतक विद्यासागर एम. वी. इमारत की 14वीं मंजिल पर रहते थे। उन्होंने 12वीं मंजिल के डक्ट क्षेत्र में लकड़ी के जाल से चादर बांधकर कथित तौर पर फांसी लगा ली।
घटना की सूचना मिलते ही कासरवडवली पुलिस, क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) और दमकल विभाग के अधिकारी स्काईलिफ्ट मशीन, दमकल गाड़ियों और अन्य आपातकालीन वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे।
ठाणे महानगरपालिका (टीएमसी) के आरडीएमसी प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया, ‘हमारी टीम ने दमकल विभाग और पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर तीन घंटे चले लंबे अभियान के बाद शव को सुरक्षित बाहर निकाला और कानूनी औपचारिकताओं के लिए पुलिस को सौंप दिया।’
कासरवडवली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है।
यह घटना शहर के माजीवाड़ा इलाके में एक बहुमंजिला इमारत की 21वीं मंजिल से गिरकर एक वरिष्ठ नागरिक की मौत होने के एक दिन बाद सामने आई है।
भाषा
सुमित नरेश
नरेश