आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण लू चलने की संभावना

Ads

आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण लू चलने की संभावना

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 01:51 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 01:51 PM IST

अमरावती, चार जून (भाषा) आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय जिलों के कई मंडलों में बृहस्पतिवार को भीषण लू चलने और राज्य के कुछ अन्य स्थानों पर गरज-चमक के साथ तूफान आने की संभावना है।

आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) ने बताया कि बुधवार को कई ज़िलों में तापमान ज्यादा रहा जबकि इस क्षेत्र को प्रभावित करने वाली मौसम प्रणालियों के कारण आज कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

एपीएसडीएमए के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने एक आधिकारिक बयान में कहा, ‘राज्य में मौसम की अलग-अलग स्थितियां रहने की संभावना है। जहां कुछ इलाकों में लू चलने की उम्मीद है, वहीं कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तूफान आने की भी संभावना है।’

इसके अनुसार, राज्य के 46 मंडलों में आज भीषण लू चलने की संभावना है, जिसमें विजयनगरम जिले के 19 मंडल, पार्वतीपुरम मान्यम के 14, श्रीकाकुलम के 11 और अल्लूरी सीतारम राजू तथा पोलावरम जिले का एक-एक मंडल शामिल है।

एपीएसडीएमए ने बताया कि राज्य के 79 अन्य मंडलों में लू चल सकती है, जबकि शुक्रवार को इसकी तीव्रता के और बढ़ने की उम्मीद है।

एलुरु, पोलावरम, एनटीआर, गुंटूर, पलनाडु, प्रकाशम और नेल्लूर जिलों के कुछ हिस्सों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

वहीं, श्रीकाकुलम, विजयनगरम, पार्वतीपुरम मान्यम, अल्लूरी सीतारमा राजू, अनाकापल्ली, विशाखापत्तनम, कोनसीमा, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, कृष्णा, बापटला और मार्कापुरम जिलों के कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

इस बीच, विदर्भ से तेलंगाना और रायलसीमा होते हुए तमिलनाडु तक फैले निम्न दाब के क्षेत्र के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।

इसके प्रभाव से बृहस्पतिवार को पार्वतीपुरम मान्यम, अल्लूरी सीतारमा राजू, पश्चिमी गोदावरी और एलुरु जिलों के कुछ अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने तथा तूफान आने की संभावना है।

भाषा

प्रचेता वैभव

वैभव