शरद पवार की सेहत में लगातार सुधार, दो दिन में अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद: चिकित्सक

Ads

शरद पवार की सेहत में लगातार सुधार, दो दिन में अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद: चिकित्सक

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 02:31 PM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 02:31 PM IST

पुणे, 11 फरवरी (भाषा) सीने में संक्रमण के बाद पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए गए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार की हालत स्थिर है और अगले दो दिन में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है। उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

राज्यसभा के सदस्य शरद पवार (85) ने सांस लेने में तकलीफ और लगातार खांसी की शिकायत की थी जिसके बाद उन्हें सोमवार दोपहर पुणे जिले के बारामती कस्बे स्थित उनके आवास से रूबी हॉल क्लीनिक लाया गया था।

अस्पताल के चिकित्सक एवं न्यासी डॉ. साइमन ग्रांट ने एक बयान में बताया कि पवार का स्वास्थ्य स्थिर है और इसमें लगातार सुधार हो रहा है। उनकी समग्र नैदानिक ​​स्थिति स्थिर और संतोषजनक है।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती होने के समय सीने में जो जकड़न थी, उस परेशानी पर इलाज का अच्छा असर हो रहा है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति शारीरिक तनाव और थकान के कारण है, खासकर हाल में की गई व्यापक यात्रा एवं लोगों से लगातार मुलाकातों के कारण यह थकान बढ़ गई है।

डॉ. ग्रांट ने कहा, “चिकित्सा दल उनके स्वास्थ्य में निरंतर सुधार होने पर अगले दो दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने की योजना बना रहा है।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार मुंह के कैंसर के मरीज रहे हैं। उनके भतीजे एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार की 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में मौत हो गयी थी।

अजित पवार की पत्नी एवं महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार अपने बेटे पार्थ के साथ सोमवार शाम शरद पवार का हाल-चाल जानने अस्पताल आयी थीं।

भाषा यासिर सिम्मी

सिम्मी