महाराष्ट्र के मंत्री के खिलाफ ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणी करने के आरोप में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार

Ads

महाराष्ट्र के मंत्री के खिलाफ ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणी करने के आरोप में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 06:39 PM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 06:39 PM IST

पुणे, तीन सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के एक मंत्री के खिलाफ यूट्यूब पर कथित तौर पर अश्लील और मानहानिकारक सामग्री जारी करने के आरोप में 45 वर्षीय एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को बृहस्पतिवार को पुणे में उसके आवास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

शिकायत के अनुसार, पुणे के निवासी और सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाने वाले संतोष पंडित ने महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल और एक महिला जनप्रतिनिधि को लेकर अश्लील और अभद्र टिप्पणियों वाले कथित वीडियो और पोस्ट जारी किए थे।

कोथरुड पुलिस ने मामले में बृहस्पतिवार रात एक बज कर 30 मिनट पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस उपायुक्त (जोन-3) सागर कवाडे ने पुष्टि की कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पंडित को गिरफ़्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि यह आपत्तिजनक सामाग्री पंडित के यूट्यूब अकाउंट के माध्यम से प्रसारित किया गया था और इसे लाखों लोगों द्वारा देखा जा चुका था।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने एक अन्य वीडियो में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के भी बारे में ऐसी ही टिप्पणियां की थीं।

ऐसी कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के सिलसिले में पुणे में पंडित के खिलाफ दर्ज किया गया यह दूसरा मामला है। इससे पहले, पाटिल के खिलाफ उसकी टिप्पणियों को लेकर डेक्कन पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

भाषा

प्रचेता रंजन

रंजन