शिवसेना (उबाठा) नेता ने निर्वाचन आयोग से स्पष्टीकरण की मांग को लेकर राजग के सहयोगियों का समर्थन किया

Ads

शिवसेना (उबाठा) नेता ने निर्वाचन आयोग से स्पष्टीकरण की मांग को लेकर राजग के सहयोगियों का समर्थन किया

  •  
  • Publish Date - September 26, 2026 / 10:41 PM IST,
    Updated On - September 26, 2026 / 10:41 PM IST

मुंबई, 26 सितंबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) की पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने शनिवार को मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर दो चुनाव आयुक्तों द्वारा उठाई गई चिंताओं के संबंध में निर्वाचन आयोग से अधिक स्पष्ट स्पष्टीकरण की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि यह चुनावी लोकतंत्र से जुड़ा मामला है।

उन्होंने भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख समिक भट्टाचार्य की सीईसी ज्ञानेश कुमार के लिए “पद्म भूषण” की मांग को पूर्वी राज्य में विधानसभा चुनावों में भाजपा की “बंपर” जीत से जोड़ा।

उन्होंने भाजपा पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त को “कवर फायर” (बचाव) देने का आरोप लगाया।

सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंध (राजग) सहयोगियों द्वारा मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर दो चुनाव आयुक्तों द्वारा उठाई गई चिंताओं पर निर्वाचन आयोग से अधिक साफ स्पष्टीकरण मांगने के बारे में चतुर्वेदी ने कहा कि यह सही मांग थी।

उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया, “राजनीतिक से अधिक, यह (मांग) राजनीतिक जवाबदेही और लोकतंत्र के लिए (उठाई जा रही है), क्योंकि वे (निर्वाचन आयोग) चुनावी लोकतंत्र के संरक्षक हैं।”

लोजपा (राम विलास), तेलुगु देशम पार्टी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) ने शुक्रवार को मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर दो चुनाव आयुक्तों द्वारा उठाई गई चिंताओं पर निर्वाचन आयोग से अधिक साफ स्पष्टीकरण मांगा, वहीं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने चेतावनी दी कि चुनावों में जनता का विश्वास दांव पर लगा है।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप