ठाणे, तीन फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण-डोंबिवली नगर निगम में शिवसेना की हर्षाली चौधरी मंगलवार को नयी महापौर निर्वाचित हुईं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राहुल डामले उपमहापौर चुने गये।
कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) की विशेष बैठक में दोनों निर्विरोध निर्वाचित हुए।
महापौर और उपमहापौर का चुनाव नगर निगम मुख्यालय में आयोजित हुआ।
नामांकन पत्रों की जांच के बाद, चौधरी और डामले के महापौर और उपमहापौर निर्वाचित होने की घोषणा की गई।
जिले के मीरा-भायंदर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डिंपल मेहता महापौर और भाजपा के ही ध्रुवकिशोर पाटिल उपमहापौर निर्वाचित हुए।
वहीं, उल्हासनगर नगर निगम में शिवसेना पार्षद अश्विनी निकम महापौर और भाजपा के अमर लुंड उपमहापौर निर्वाचित हुए।
इस बीच, पालघर जिले के वसई–विरार क्षेत्र में पूर्व विधायक हितेंद्र ठाकुर के नेतृत्व वाली बहुजन विकास आघाडी (बीवीए) ने अपना दबदबा बरकरार रखा। पार्टी के अजीव पाटिल को महापौर और मार्शल लोपिस को उपमहापौर चुना गया।
महापौर पद के लिए बीवीए और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला हुआ। प्रफुल्ल जगन्नाथ साने और निषाद अरुणा अरुण चोरघे द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद अंतिम मुकाबला बीवीए के अजीव पाटिल और भाजपा की दर्शना त्रिपाठी-कोटक के बीच हुआ। मतदान में कुल 115 नगरसेवकों ने भाग लिया, जिसमें से 71 ने अजीव पाटिल जबकि 44 ने दर्शना त्रिपाठी-कोटक को वोट दिया।
उपमहापौर पद के लिए भी इसी तरह का रुझान देखने को मिला। कन्हैया भोइर के नामांकन वापस लेने के बाद अंतिम मुकाबला बीवीए के मार्शल लोपिस और भाजपा के मांजरेकर नारायण सुरेश के बीच हुआ। लोपिस को 71 जबकि मांजरेकर को 44 वोट मिले।
भाषा जोहेब राजकुमार
राजकुमार