मुंबई, 25 सितंबर (भाषा) दक्षिण मुंबई के भीड़भाड़ वाले भुलेश्वर इलाके में शुक्रवार दोपहर एक इमारत के भूतल पर स्थित बिजली के मीटर के केबिन और दो दुकानों में आग लग गई जिसमें एक व्यक्ति के छत पर फंसे होने की आशंका है। नगर निकाय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मुंबादेवी मंदिर के पास, मुंबा देवी रोड पर स्थित चार मंजिला भैरूमल हाउस में अपराह्न करीब 1:15 बजे आग लग गई।
नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई अग्निशमन दल, स्थानीय पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और नगर निकाय के वार्ड कर्मचारियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति के इमारत की छत पर फंसे होने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि घटना में अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है और छत पर फंसे व्यक्ति को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
भाषा
शुभम मनीषा
मनीषा