ठाणे, 30 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में हत्या के एक मामले को सुलझाने में पुलिस के एक खोजी कुत्ते ने अहम भूमिका निभाई और इस मामले में आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी योगेश एकनाथ राणे (40) ने इस महीने की शुरुआत में पैसों के विवाद को लेकर अपने दोस्त राजेश योगीराज प्रभुल्कर (49) की कथित तौर पर हत्या कर दी थी।
उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल को खडावली क्षेत्र में भाटसा नदी के पास पीड़ित का शव मिला था। उन्होंने बताया कि पीड़ित का सिर और चेहरा कुचल दिया गया था। शव मिलने के बाद अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया।
पुलिस द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, श्वान दस्ते के सदस्य ‘बेली’ ने शव के पास मिली वस्तुओं के आधार पर जांचकर्ताओं को खडावली रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया।
पुलिस ने गहन जांच के बाद राणे की संदिग्ध के रूप में पहचान की।
विज्ञप्ति के अनुसार, राणे मुंबई में घूमता रहता था और पहचान छिपाने के लिए हमेशा टोपी पहनता था तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में अक्सर रास्ते बदलता रहता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को मंगलवार को मुंबई के लोअर परेल से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित और आरोपी दोस्त थे और खानपान आपूर्ति संबंधित एक एजेंसी में काम करते थे। उसने बताया कि 20 अप्रैल को दोनों भाटसा नदी में नहाने के लिए गए थे, वहीं पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। सोमवार को मुंबई में उसके खिलाफ मोबाइल फोन चोरी के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले रायगढ़ और मुंबई में उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के आरोप में मामले दर्ज किए गए थे।
भाषा
प्रचेता अविनाश
अविनाश