‘ऑपरेशन टाइगर’ की सुगबुगाहट के बीच उद्धव ने लोकसभा सदस्यों की बैठक बुलाई

Ads

'ऑपरेशन टाइगर' की सुगबुगाहट के बीच उद्धव ने लोकसभा सदस्यों की बैठक बुलाई

  •  
  • Publish Date - June 14, 2026 / 08:02 PM IST,
    Updated On - June 14, 2026 / 08:02 PM IST

मुंबई, 14 जून (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के कुछ सांसदों के पाला बदलने की अटकलें तेज होने के बीच पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को अपने गुट के लोकसभा सदस्यों के साथ यहां बैठक की।

इस बैठक में सभी नौ सांसदों ने प्रत्यक्ष या डिजिटल (आभासी) माध्यम से हिस्सा लिया।

बैठक के बाद पार्टी के एकमात्र राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा कि सभी सांसद मजबूती से पार्टी के साथ खड़े हैं।

उन्होंने बताया कि चार सांसद प्रत्यक्ष रूप से बैठक में शामिल हुए, जबकि चार अन्य ने डिजिटल माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और एक सांसद ने फोन पर ठाकरे से बात की।

यह बैठक दोपहर में बांद्रा पूर्व स्थित ठाकरे के आवास ‘मातोश्री’ में हुई।

यह घटनाक्रम इस लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि ऐसी सुगबुगाहट है कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ के तहत कुछ सांसद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल हो सकते हैं।

राउत ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मुंबई के तीन सांसदों – अनिल देसाई, अरविंद सावंत और संजय पाटिल – एवं नाशिक के सांसद राजाभाऊ वाजे ने प्रत्यक्ष रूप से बैठक में भाग लिया।

उन्होंने बताया कि चार अन्य सांसदों – ओमप्रकाश राजे निंबालकर (धाराशिव), भाऊसाहेब वाकचौरे (शिरडी), नागेश बापूराव पाटिल आष्टीकर (हिंगोली) और संजय देशमुख (यवतमाल-वाशिम) ने डिजिटल माध्यम से बैठक में शिरकत की।

राउत ने बताया कि सांसद संजय जाधव (परभणी) ने फोन पर ठाकरे से बात की।

उन्होंने बताया कि बैठक में पार्टी विधायक आदित्य ठाकरे भी मौजूद थे।

उन्होंने कहा, ‘‘सभी सांसद पूरी तरह एकजुट होकर शिवसेना (उबाठा) के साथ मजबूती से खड़े हैं। अब कम से कम यह उम्मीद है कि अफवाहें फैलनी बंद हो जाएंगी।’’

भाषा सुमित राजकुमार

राजकुमार