उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार ठग ने शादी के बहाने 25 से अधिक महिलाओं से करोड़ों की ठगी की

Ads

उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार ठग ने शादी के बहाने 25 से अधिक महिलाओं से करोड़ों की ठगी की

  •  
  • Publish Date - June 12, 2026 / 02:50 PM IST,
    Updated On - June 12, 2026 / 02:50 PM IST

ठाणे, 12 जून (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर वैवाहिक विज्ञापनों के जरिए शादी कर 25 से अधिक महिलाओं से करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है।

पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी अनुजकुमार चंद्रप्रकाश त्रिवेदी को 24 मई को गिरफ्तार किया गया। वह फर्जी पहचान के तहत ग्रेटर नोएडा में रह रहा था।

अधिकारी के अनुसार, आरोपी कई नामों का इस्तेमाल करता था, जिनमें अजय अग्रवाल, अजय संतोष सिंह और जयप्रकाश रमेशचंद्र गुप्ता शामिल हैं।

चार मार्च 2022 को 75 वर्षीय एक महिला ने नयानगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने अखबार के विवाह विज्ञापन के जरिए उसकी 45 वर्षीय बेटी से संपर्क किया और 1 मार्च 2019 को उससे शादी की।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने बाद में महिला के परिवार को फ्लैट बेचने के लिए मजबूर किया और नया मकान बनाने का वादा कर कुल 82 लाख रुपये नकद अलग-अलग किश्तों में ले लिए।

इसके बाद 22 फरवरी 2022 को आरोपी पीड़िता को एक रिश्तेदार की शादी के बहाने दिल्ली ले गया और वहां रेलवे स्टेशन पर 33 तोला सोना लेकर फरार हो गया। उसने महिला को मुंबई जाने वाली ट्रेन में बैठाकर अपना फोन बंद कर दिया और भाग गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता और उसकी बेटी से कुल 97 लाख रुपये की ठगी की।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह की ठगी के जरिए 25 से अधिक महिलाओं को निशाना बनाया, जिनमें दिव्यांग, मानसिक रूप से कमजोर, तलाकशुदा और असहाय महिलाएं शामिल थीं।

पुलिस ने बताया कि ठगी के पैसों से आरोपी ने 20 लाख रुपये की कार खरीदी थी, जिसे जब्त कर लिया गया है।

अधिकारी के अनुसार, आरोपी अमरावती के एक अन्य मामले में भी वांछित था, जहां उसने 25 लाख रुपये की ठगी की थी।

जांच में यह भी पाया गया कि उसके बेटे ने भी इस धोखाधड़ी में मदद की, जिसके चलते उसे सह-आरोपी बनाया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से फर्जी आधार कार्ड, तीन मोबाइल फोन और एक एटीएम कार्ड भी बरामद किया गया है। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है।

पुलिस ने पीड़ित महिलाओं और परिवारों से आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

भाषा मनीषा

मनीषा