मुंबई, 28 अगस्त (भाषा) अभिनेत्री तापसी पन्नू अक्सर फिल्म निर्माताओं से कहती हैं कि उन्हें ऐसे किरदारों में न लिया जाए जिनके बारे में दर्शक आसानी से अनुमान लगा सकें क्योंकि वह खुद को किसी एक छवि तक सीमित नहीं करना चाहतीं।
दिल्ली में जन्मी अभिनेत्री ने ‘पिंक’, ‘मुल्क’, ‘थप्पड़’ और ‘अस्सी’ जैसी गंभीर और प्रभावशाली फिल्मों के जरिए सिनेमा में अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि वह ‘खेल खेल में’ जैसी मनोरंजक फिल्म करना पसंद करेंगी। 2024 में आई इस हास्य फिल्म में वह कुछ अन्य कलाकारों के साथ थीं।
अभिनेत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ एक साक्षात्कार में कहा, “कोई अपनी सहूलियत को नहीं छोड़ना चाहता और जांचे -परखे तरीकों का इस्तेमाल कर रहा है। मसलन, ग्लैमरस भूमिकाओं के लिए फिल्म उद्योग के पास पांच अभिनेत्रियां हैं, जिन्हें वह चुन सकता है और गंभीर, मुद्दों पर आधारित फिल्मों के लिए पांच अन्य अभिनेत्रियां हैं।”
उन्होंने कहा, “मैंने वास्तव में इसी वजह से फिल्मों को ठुकराना शुरू कर दिया है। मैं फिल्म निर्माताओं से कहती हूं कि दर्शक आसानी से फिल्म के अंत का अंदाजा लगा लेंगे। ‘मुझे ऐसी फिल्मों में मत लीजिए, यह आपकी फिल्म के लिए अच्छा नहीं होगा।’ मैंने कुछ फिल्मों से खुद को अलग कर लिया है।”
पन्नू जल्द ही नेटफ्लिक्स की एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘गांधारी’ में नजर आएंगी।
फिल्म ‘गांधारी’ का निर्देशन देवाशीष मखीजा ने किया है और इसकी पटकथा कनिका ढिल्लों ने लिखी है। कनिका ढिल्लों ने अपने बैनर कथा पिक्चर्स के तहत फिल्म का निर्माण भी किया है।
फिल्म में इश्वाक सिंह, छाया कदम, स्वस्तिका मुखर्जी, मीता वशिष्ठ और जतिन सरना भी हैं। यह फिल्म तीन सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
भाषा तान्या नरेश
नरेश