टीसीएस ने महिला कर्मियों का उत्पीड़न करने के आरोपियों को निलंबित किया
टीसीएस ने महिला कर्मियों का उत्पीड़न करने के आरोपियों को निलंबित किया
मुंबई, 12 अप्रैल (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने रविवार को कहा कि नासिक कार्यालय में यौन उत्पीड़न मामले में कथित रूप से संलिप्त कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।
टीसीएस ने कहा कि कंपनी की किसी भी प्रकार के उत्पीड़न और जबरदस्ती के प्रति ‘कतई बर्दाश्त नहीं’ की नीति अपनाई है।
यह स्पष्टीकरण नासिक स्थित बहुराष्ट्रीय कंपनी के कार्यालय में आठ महिला कर्मचारियों द्वारा यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन के आरोपों के मद्देनजर आया है।
इस सप्ताह की शुरुआत में, पुलिस ने आठ कर्मचारियों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। इन कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि वरिष्ठ सहकर्मियों ने उनका मानसिक और यौन उत्पीड़न किया, और मानव संसाधन विभाग ने उनकी शिकायतों पर संज्ञान नहीं लिया।
पुलिस ने इस मामले में अबतक कंपनी की महिला मानव संसाधन प्रबंधक सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘टीसीएस की उत्पीड़न और किसी भी प्रकार के दबाव के प्रति लंबे समय से कतई बर्दाश्त नहीं की नीति रही है। हमने कार्यस्थल पर अपने कर्मचारियों की सुरक्षा और कल्याण के उच्चतम मानकों को हमेशा सुनिश्चित किया है। नासिक में हुई घटना की जानकारी मिलते ही हमने तुरंत कार्रवाई की।’’
कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दायरे में आए आरोपी कर्मचारियों को जांच प्रक्रिया पूरी होने तक निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी स्थानीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों के साथ सहयोग कर रही है और आगे की कार्रवाई इस जांच के निष्कर्ष के आधार पर की जाएगी।
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत

Facebook


