अमरावती, 28 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को कहा कि तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) विधानमंडल में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करेगी, भले ही अन्य दलों के बीच राष्ट्रीय स्तर पर इस प्रावधान पर सहमति नहीं बन पाये ।
मंगलागिरि स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित वार्षिक तेदेपा सम्मेलन ‘महानडू’ के अंतिम दिन नायडू ने कहा कि उन्हें पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और आईटी मंत्री नारा लोकेश द्वारा प्रस्तावित आरक्षण पर कोई आपत्ति नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘यदि सभी राजनीतिक दल राष्ट्रीय स्तर पर महिला आरक्षण पर सहमत नहीं हो पाते हैं, तो तेदेपा इसे पार्टी के भीतर लागू करेगी और आंध्र प्रदेश विधानमंडल में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करेगी।’’
उन्होंने कहा कि तेदेपा देशभर में महिलाओं के लिए आरक्षण के लिए संघर्ष करेगी।
मुख्यमंत्री ने सभी क्षेत्रों में महिलाओं की ताकत और क्षमताओं का उपयोग करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिला आरक्षण को लेकर प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सभी को इसका समर्थन करना चाहिए और इसके कार्यान्वयन के लिए काम करना चाहिए।
उन्होंने अमरावती, पोलावरम और अन्य प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं के ‘‘पुनरुद्धार’’ में सहयोग देने और निवेशकों और संस्थानों के बीच विश्वास बहाल करने में मदद करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार को श्रेय दिया।
मुख्यमंत्री ने विकास को सामाजिक सुरक्षा के साथ जोड़ने की सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया, जिसमें कृषि, सिंचाई और जल सुरक्षा के लिए एक व्यापक एजेंडा की रूपरेखा तैयार करना शामिल है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र की राजग और आंध्र प्रदेश सरकार दोनों की ‘‘उपलब्धियों’’ को हर घर तक पहुंचाने, स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी करने और 2029 के चुनावों के लिए जमीनी काम शुरू करने का आह्वान किया।
भाषा देवेंद्र माधव
माधव