राम मंदिर ‘चढ़ावा चोरी’ से जुड़े आरोपों को लेकर नितेश राणे ने विपक्ष को औरंगजेब का वंशज करार दिया
राम मंदिर ‘चढ़ावा चोरी’ से जुड़े आरोपों को लेकर नितेश राणे ने विपक्ष को औरंगजेब का वंशज करार दिया
मुंबई, 12 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी से जुड़े विपक्षी दलों के आरोपों को लेकर रविवार को पलटवार करते हुए उन्हें ‘‘औरंगजेब का वंशज’’ करार दिया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष राम मंदिर ‘चढ़ावा चोरी’ के बारे में आरोप लगाता है लेकिन मस्जिदों के चंदे और हज यात्रा के धन की कथित अनियमितताओं पर चुप्पी साध लेता है।
राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी का मामला सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्ष के बीच तीखे राजनीतिक विवाद का विषय बना हुआ है। मंदिर निर्माण आंदोलन का नेतृत्व करने वाली भाजपा इस मामले पर विपक्षी दलों के आरोपों का जवाब दे रही है जबकि विपक्ष इसे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला ‘‘पाप’’ बता रहा है।
अहिल्यानगर जिले के शिरडी में राणे ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘जब मस्जिदों के चंदे की कथित हेराफेरी हुई या हज यात्रा के दौरान धन का कथित तौर पर दुरुपयोग किये जाने के आरोप लगे, तब उन्होंने (विपक्षी दलों ने) कभी मस्जिदों के बाहर प्रदर्शन नहीं किया। ये लोग औरंगजेब के वंशज हैं और हिंदुओं को बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ते।’’
कांग्रेस, शिवसेना (उबाठा) और आम आदमी पार्टी (आप) कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर भाजपा के खिलाफ अभियान चला रही हैं।
इस बीच एक बयान में, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच और पुलिस कार्रवाई का समर्थन करते हुए विश्वास जताया कि जांच जल्द ही किसी ‘‘निर्णायक मोड़’’ पर पहुंचेगी।
उत्तर प्रदेश सरकार ने इस एसआईटी का गठन किया है।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश

Facebook


