ठाणे में मारपीट के बाद युवक की मौत से तनाव, पार्षद के दफ्तर पर पथराव
ठाणे में मारपीट के बाद युवक की मौत से तनाव, पार्षद के दफ्तर पर पथराव
ठाणे (महाराष्ट्र), तीन जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र में ठाणे जिले के अंबरनाथ में कथित प्रेम संबंध को लेकर हुई मारपीट में 21 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद तनाव फैल गया। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने एक पार्षद के कार्यालय पर पथराव किया और आरोप लगाया कि उन्होंने आरोपियों को बचाने की कोशिश की।
हालांकि, संबंधित पार्षद ने इन आरोपों से इनकार किया है।
पुलिस के अनुसार, ओम खोरे की 23 जून को पांच से सात लोगों ने बुरी तरह पिटायी की थी और बुधवार को मुंबई के केईएम अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद अंबरनाथ पूर्व के पालेगांव इलाके में तनाव फैल गया।
पुलिस ने बताया कि ओम खोरे पर कथित रूप से इसलिए हमला किया गया क्योंकि एक युवती के रिश्तेदार को संदेह था कि लड़की का खोरे से प्रेम संबंध है।
इस संबंध में शुरुआत में अंबरनाथ के शिवाजीनगर पुलिस थाने में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और उनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया था।
हालांकि, बुधवार को ओम खोरे की मौत की खबर फैलते ही उसके परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और सैकड़ों स्थानीय लोग पुलिस थाने की ओर मार्च करने लगे। रास्ते में कुछ लोगों ने पालेगांव स्थित एक राष्ट्रीय दल की पार्षद के कार्यालय पर पथराव किया और वहां तोड़फोड़ की।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि पार्षद ने आरोपियों को संरक्षण दिया और उन्हें पुलिस कार्रवाई से बचाने में मदद की।
वहीं, पार्षद ने आरोपियों से किसी भी तरह के संबंध या उनकी मदद करने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उनके कार्यालय पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त पुलिस कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस थाने पहुंचने के बाद ओम खोरे के परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक युवक का शव लेने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने शुरुआत में पुलिस को सात लोगों के नाम बताए थे, लेकिन कार्रवाई केवल पांच लोगों के खिलाफ की गई।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन गोरे ने बताया कि संदीप गावली, रवि परमार, नयन मडवी, सचिन पाटिल और राज देसेकर नामक पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा मामले की जांच जारी है।
भाषा गोला वैभव
वैभव

Facebook


