ठाणे, 18 मई (भाषा) शिवसेना ने सोमवार को ठाणे महानगरपालिका में सहयोगी भारतीय जनता पार्टी के साथ विवाद को तवज्जो नहीं देने का प्रयास करते हुए दावा किया कि यह दो दलों के बीच टकराव के बजाय व्यक्तिगत मतभेदों के कारण हुआ।
पंद्रह मई को महानगरपालिका की आम सभा की बैठक में उस समय हंगामा हुआ जब भाजपा पार्षदों ने सत्ताधारी सहयोगी शिवसेना द्वारा बिना किसी चर्चा के एक ही बार में 232 प्रस्ताव पारित किए जाने का विरोध किया। शिवसेना ने इसके जवाब में कई भाजपा पार्षदों को निलंबित करने की मांग की और उन पर महापौर पर हमला करने और राष्ट्रगान का अपमान करने का आरोप लगाया।
पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में शिवसेना नेता हनुमंत जगदाले ने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि गठबंधन के साझेदारों में से एक ‘विपक्ष की भूमिका निभा रहा था’, जबकि विपक्षी दल कार्यवाही के दौरान शिवसेना का समर्थन कर रहे थे।
सदन के नेता जगदाले ने कहा कि हालिया हंगामा दो दलों के बीच टकराव के बजाय व्यक्तिगत मतभेदों के कारण हुआ।
उन्होंने कहा, ‘प्रत्येक आम बैठक से पहले महापौर, उप महापौर, सदन के नेता, विपक्ष के नेता और समूह के नेता प्रश्नोत्तर सत्र के लिए आवंटित समय सहित कार्यसूची पर विस्तार से चर्चा करते हैं और उसे अंतिम रूप देते हैं।’
जगदाले ने कहा कि पूर्व चर्चाओं और सहमति के बावजूद, कुछ सदस्यों ने सदन में हंगामा किया।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश