ठाणे, 17 मई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में घरों में सेंधमारी और चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने के आरोप में दो पुरुषों व एक युवक को गिरफ्तार करने के साथ ही दो नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में कल्याण में महात्मा फुले चौक (एमएफसी) पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया, जिसमें एक ही परिवार के लोग शामिल थे।
उन्होंने कहा कि गिरोह में शामिल पुरुष बंद घरों की रेकी करते थे और अपने बेटों को उनमें सेंध लगाकर कीमती सामान चुराने का निर्देश देते थे।
सहायक पुलिस आयुक्त (कल्याण) अशोक होनमाने ने बताया कि पुलिस ने 19 वर्षीय एक युवक और परिवार के दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया।
उन्होंने कहा कि साथ ही चोरी हुए 21.6 लाख रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषण बरामद किए गए हैं।
अधिकारी ने बताया कि यह मामला आठ मई को कल्याण पश्चिम में दर्ज कराई गई शिकायत के बाद सामने आया, जिसके बाद घर में सेंधमारी व चोरी का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने सूचना मिलने पर 13 मई को अंबिवली के मोहने निवासी कैलाश विलास भलेराव (19) को गिरफ्तार किया और 14 व 15 वर्ष के दो नाबालिगों को हिरासत में लिया।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि विलास प्रकाश भलेराव (38) और दीपक अशोक जाधव (40) दिहाड़ी मजदूरी के बहाने रिहायशी सोसाइटियों में घरों की रेकी करते थे और फिर यह जानकारी अपने बच्चों को देते थे।
उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए नाबालिग घरों को निशाना बनाते थे और नकदी व गहने लेकर फरार हो जाते थे।
अधिकारी ने कहा कि जांच में पता चला कि यह गिरोह कल्याण क्षेत्र में चोरी की कम से कम तीन अन्य घटनाओं में भी शामिल था।
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल