ठाणे: गलत तरीके से खडे डंपर से मोटरसाइकिल की टक्कर, दो चचेरे भाइयों की मौत

ठाणे: गलत तरीके से खडे डंपर से मोटरसाइकिल की टक्कर, दो चचेरे भाइयों की मौत

ठाणे: गलत तरीके से खडे डंपर से मोटरसाइकिल की टक्कर, दो चचेरे भाइयों की मौत
Modified Date: February 17, 2026 / 09:48 am IST
Published Date: February 17, 2026 9:48 am IST

ठाणे, 17 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में गलत दिशा में खड़े एक डंपर से मोटरसाइकिल टकराने के बाद उस पर सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यह घटना रविवार देर रात भिवंडी के वेहलेगांव रोड के पास हुई, जब पीड़ित मंदिर में दर्शन करने के बाद घर लौट रहे थे।

नारपोली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘रात करीब 11:30 बजे, जब वे अपनी मोटरसाइकिल से दिवा की ओर वापस जा रहे थे, तो वे सड़क पर गलत दिशा में लापरवाही से खड़े एक डंपर से टकरा गए, जिसकी न तो पार्किंग लाइट चालू थी और न ही चेतावनी संकेत।’

उन्होंने बताया कि दोनों को सिर और अन्य जगह चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के तुरंत बाद डंपर चालक फरार हो गया।

अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान आयुष विजय जाधव (19) और ऋषिकेश राजेश जाधव (25) के रूप में हुई है, जो दिवा इलाके में आगासन रोड पर एक ही घर में रहते थे।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि डंपर चालक की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई।

सोमवार को नारपोली पुलिस ने डंपर के अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (1) (लापरवाही या जल्दबाजी से वाहन चलाने के कारण मृत्यु) के तहत प्राथमिकी दर्ज की।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

भाषा तान्या वैभव

वैभव


लेखक के बारे में