पालघर अस्पताल हिंसा मामले में विधायक के बेटे सहित कुल 15 लोग गिरफ्तार

पालघर अस्पताल हिंसा मामले में विधायक के बेटे सहित कुल 15 लोग गिरफ्तार

पालघर अस्पताल हिंसा मामले में विधायक के बेटे सहित कुल 15 लोग गिरफ्तार
Modified Date: September 11, 2026 / 10:41 pm IST
Published Date: September 11, 2026 10:41 pm IST

पालघर, 11 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक निजी अस्पताल में हुई हिंसा के मामले में शुक्रवार को एक विधायक के बेटे और 12 ‘गोविंदा’ (दही हांडी में हिस्सा लेने वाले युवा) समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 15 हो गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, छह सितंबर को तड़के शिवसेना पदाधिकारियों का एक समूह ‘रिलीफ अस्पताल’ में घुस आया था। दही हांडी कार्यक्रम के दौरान घायल हुए गोविंदाओं के इलाज और उनके मेडिकल बिल को लेकर हुए विवाद के बाद यह हंगामा हुआ था।

आरोप है कि भीड़ ने अस्पताल की रिसेप्शनिस्ट के साथ मारपीट की, डॉक्टर से गाली-गलौज की और घायल व्यक्ति को जबरन ले जाने के लिए आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) में घुस आए।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 22 लोगों की पहचान करने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और महाराष्ट्र चिकित्सा सेवा व्यक्ति व चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा और संपत्ति के नुकसान या हानि की रोकथाम) अधिनियम के तहत मारपीट, आपराधिक धमकी और गैर-कानूनी तरीके से एकत्र होने का मामला दर्ज किया था।

मामले में सात सितंबर को शिवसेना के पालघर शहर प्रमुख राहुल घरत को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को विधायक राजेंद्र गावित के बेटे रोहित गावित समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि रोहित गावित को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 12 गोविंदा को स्थानीय अदालत ने 13 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

वहीं, मामले के तीन अन्य आरोपियों- निलंबित पूर्व जिला प्रमुख कुंदन बालकृष्ण सांखे, नगरसेवक नीलमकुमार सांखे और चालक शुभम बांदीवडेकर की अग्रिम जमानत याचिकाओं पर 15 सितंबर को सुनवाई होगी।

भाषा सुमित शफीक

शफीक


लेखक के बारे में