फिल्म ‘धुरंधर’ को दुनियाभर के सिनेमाघरों में फिर से प्रदर्शित किया जाएगा
फिल्म 'धुरंधर' को दुनियाभर के सिनेमाघरों में फिर से प्रदर्शित किया जाएगा
मुंबई, 12 मार्च (भाषा) ‘धुरंधर 2’ के प्रदर्शन से एक सप्ताह पहले बृहस्पतिवार को इसके निर्माताओं ने फिल्म के पहले भाग को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दोबारा प्रदर्शित करने की घोषणा की।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह ने मुख्य भुमिका निभाई है। पांच दिसंबर प्रदर्शित हुई इस फिल्म ने वैश्विक स्तर पर 1,300 करोड़ रुपये की कमाई की थी जिसमें से करीब 1000 करोड़ रुपये की आय उसने भारतीय बाजार से की थी।
एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज वैश्विक ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ को फिर से बड़े पर्दे पर पेश कर रहा है और फिल्म को दुनिया भर में करीब 500 ‘स्क्रीन’ पर दोबारा प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें भारत भर में 12 मार्च से 250 स्क्रीन और 13 मार्च से विदेशों में 250 स्क्रीन शामिल हैं।
फिल्म का दूसरा भाग, ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च को गुड़ी पड़वा, उगादी और ईद के त्योहारों के अवसर पर सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगा। यह हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं भी देखने को मिलेगी।
‘ धुरंधर: द रिवेंज’ के निर्माता इसके वैश्विक प्रदर्शन से एक दिन पहले यानी 18 मार्च को अमेरिका और कनाडा में विशेष प्रीमियर आयोजित कर रहे हैं।
कराची के लयारी इलाके की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म ‘धुरंधर’ की कहानी वहां के कुख्यात गैंगवार और खूनी संघर्षों के बीच बुनी गई है।
भाषा
प्रचेता पवनेश
पवनेश

Facebook


