राकांपा और राकांपा (शप) के विलय की घोषणा 12 फरवरी को होनी थी: पुणे के पूर्व महापौर काकडे का दावा

राकांपा और राकांपा (शप) के विलय की घोषणा 12 फरवरी को होनी थी: पुणे के पूर्व महापौर काकडे का दावा

राकांपा और राकांपा (शप) के विलय की घोषणा 12 फरवरी को होनी थी: पुणे के पूर्व महापौर काकडे का दावा
Modified Date: February 12, 2026 / 10:36 pm IST
Published Date: February 12, 2026 10:36 pm IST

पुणे, 12 फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के नेता और पुणे के पूर्व महापौर अंकुश काकडे ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि दिवंगत अजित पवार अविभाजित राकांपा के दोनों गुटों का विलय चाहते थे और इसके लिए 12 फरवरी की तारीख तय की गई थी।

इस वर्ष 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में अजित पवार के निधन के बाद राकांपा और राकांपा (शप) के विलय को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। इस मुद्दे पर विभिन्न नेताओं द्वारा अलग-अलग बयान दिए जा रहे हैं।

काकडे ने कहा, ‘‘निकाय चुनावों के दौरान अजित दादा ने हमें आश्वस्त किया था कि दोनों पार्टियों का विलय जल्द होगा। उनके अनुसार विलय आज होना था। दुर्भाग्यवश 28 जनवरी को उनके निधन के कारण यह संभव नहीं हो सका। यदि वह जीवित होते तो आज दोनों गुटों का विलय हो चुका होता।’’

अजित पवार के निधन के बाद राकांपा (शप) प्रमुख शरद पवार ने भी दावा किया था कि दिवंगत नेता दोनों गुटों को फिर से एकजुट करना चाहते थे और विलय की तारीख 12 फरवरी तय की गई थी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार ने एक संवाददाता सम्मेलन में यह भी कहा था कि विलय के संबंध में उनकी पार्टी और अजित पवार के बीच 17 जनवरी को बारामती में बैठक हुई थी।

भाषा

राखी संतोष

संतोष


लेखक के बारे में