नागपुर, 14 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को कहा कि राज्य में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर झूठे दावों के जरिए आपूर्ति बाधित होने की अफवाह फैलाकर लोगों में घबराहट पैदा करने का आरोप लगाया।
फडणवीस ने नागपुर में वारी एनर्जीज लिमिटेड की 6,200 करोड़ रुपये की “इंटीग्रेटेड 10 गीगावाट सोलर इंगोट और वेफर मैन्युफैक्चरिंग सुविधा” के शिलान्यास समारोह के दौरान यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर क्षेत्र में नागपुर एक महत्वपूर्ण शहर के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा, “चीन के बाहर इस तरह की यह एकमात्र सुविधा है।”
शनिवार सुबह खाड़ी देशों से एलपीजी लेकर आ रहे दो भारतीय जहाजों के युद्ध प्रभावित होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजरने के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने नेतृत्व पर सवाल उठाने वालों को हमेशा अपने काम के जरिए जवाब देते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका के एक प्रमुख नेता ने कहा है कि अगर कोई अलग-अलग देशों को एक साथ ला सकता है, तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। जब एक वरिष्ठ अमेरिकी राजनेता उनके बारे में ऐसा कहते हैं, तो हमारे देश के कुछ बड़बोले नेताओं को इससे सीख लेनी चाहिए और भारत को बदनाम करना बंद करना चाहिए।’’
महाराष्ट्र में एलपीजी की कमी के दावों पर फडणवीस ने कहा कि यह वितरण से जुड़ी समस्या नहीं बल्कि कांग्रेस नेताओं द्वारा फैलाए गए डर के कारण हुआ है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी ने जानबूझकर ऐसा किया है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार और संबंधित अधिकारियों ने बार-बार स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा, “इसी तरह किसी तरह की राशनिंग भी नहीं की गई है। लोगों को उकसाने और उन्हें कतारों में खड़ा करने के लिए यह एक साजिश है।”
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश