पालघर, 14 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में आभूषण की एक दुकान में सेंधमारी के प्रयास के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि चार मार्च को नायगांव इलाके में हुई इस घटना के आरोपियों को ठाणे शहर से गिरफ्तार किया गया।
वसई जोन-2 की पुलिस उपायुक्त पूर्णिमा चौगुले-श्रृंगी ने कहा, “चार मार्च की मध्यरात्रि के आसपास हुई सेंधमारी की कोशिश के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए दो टीम गठित की गई थीं।”
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण किया, जिससे घटना में इस्तेमाल किए गए एक वाहन का पता चला।
अधिकारी ने कहा कि एक गोपनीय सूचना के आधार पर घोड़बंदर रोड क्षेत्र में उस वाहन को रोक लिया गया और उसमें सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान शफीक ललन अंसारी (36), महबूब जानी सैयद (20) और शाकिर साजिद शेख (22) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि ये सभी मुंबई के निवासी हैं।
भाषा
प्रचेता देवेंद्र
देवेंद्र