मुंबई, तीन फरवरी (भाषा) दक्षिण मुंबई की कोस्टल रोड सुरंग में एक तेज रफ्तार मर्सिडीज ने एक कार को टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस लग्जरी कार को कथित तौर पर एक 17 वर्षीय किशोर चला रहा था।
यह घटना रविवार तड़के हुई।
एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि डी. बी. मार्ग पुलिस ने इस मामले में मर्सिडीज के मालिक, उनकी 18 वर्षीय पोती और कार चला रहे उसके 17 वर्षीय मित्र के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि कार मालिक अग्रिपाडा का एक व्यवसायी है।
उन्होंने बताया कि दक्षिण मुंबई की ओर जा रही तेज रफ्तार मर्सिडीज ने सुरंग के भीतर पहले पीछे से एक वाहन को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर आगे जा रही एक दूसरी कार से जा भिड़ी।
अधिकारी ने बताया कि जब मर्सिडीज ने दूसरी कार को टक्कर मारी, तो इस दुर्घटना में एक बुजुर्ग महिला समेत एक परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि जांच में पाया गया कि मर्सिडीज 17 वर्षीय किशोर चला रहा था। उन्होंने बताया कि सुरंग के अंदर उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ।
भाषा प्रचेता दिलीप
दिलीप