ठाणे जिले में आग लगने से कई झोपड़ियां जलकर खाक, तीन लोगों की मौत
ठाणे जिले में आग लगने से कई झोपड़ियां जलकर खाक, तीन लोगों की मौत
ठाणे, 11 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक झुग्गी बस्ती इलाके में भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। नगर निकाय के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आग लगने से रसोई गैस के कई सिलेंडर भी फट गए।
मीरा भायंदर नगर निगम (एमबीएमसी) के मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रकाश बोराडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह आग शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे मीरा भायंदर के नवघर इलाके में इंद्रलोक झुग्गी बस्ती में लगी।
उन्होंने बताया कि घास-फूस और कपड़े से बनी झोपड़ियों में आग तेजी से फैल गई और इसकी लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में करीब 30 से 35 झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं और आग के दौरान कई रसोई गैस सिलेंडरों में विस्फोट हुआ।
उन्होंने बताया कि अग्निशमन कर्मी घटनास्थल से 24 सिलेंडर हटाने में सफल रहे जिनमें कुछ भरे हुए थे और कुछ खाली थे।
बोराडे ने बताया कि अग्निशमन कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
उन्होंने कहा कि मृतकों के शव बुरी तरह झुलस गए हैं और उनकी पहचान करना मुश्किल है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया गया है।
आग लगने के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।
भाषा सिम्मी गोला
गोला

Facebook


