मुंबई में बीएमडब्ल्यू कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से नाबालिग समेत तीन लोगों की मौत

मुंबई में बीएमडब्ल्यू कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से नाबालिग समेत तीन लोगों की मौत

मुंबई में बीएमडब्ल्यू कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से नाबालिग समेत तीन लोगों की मौत
Modified Date: September 20, 2026 / 04:28 pm IST
Published Date: September 20, 2026 4:28 pm IST

मुंबई, 20 सितंबर (भाषा) मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार के अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पार्किंग स्थल में कई फुट नीचे जा गिरने से एक नाबालिग समेत तीन युवकों की मौत हो गई और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह 5.20 बजे हुई जब कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर तेज रफ्तार से जा रही थी। दुर्घटना के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया।

तारदेव थाने के एक अधिकारी ने बताया कि गुजरात में पंजीकृत यह कार लाला लाजपत राय कॉलेज के सामने लोटस जेटी के पास बेकाबू हो गई और एलएंडटी के निर्माणाधीन पार्किंग स्थल के निर्माण क्षेत्र में जा गिरी।

अधिकारी ने बताया कि वाहन में सवार चारों लोग केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव के सिलवासा के रहने वाले थे। उन्हें तुरंत नगर निगम द्वारा संचालित नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां अस्पताल पहुंचने पर उनमें से तीन को मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान शनय गजर (21), धैर्य दर्शन सेठ (17) और आदित्य जकास्निया (19) के रूप में हुई है। कार में सवार चौथा युवक आदित्य ओसवाल (23) गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

तारदेव पुलिस ने दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों ने बताया कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि गाड़ी कौन चला रहा था, क्योंकि हादसे में बचे व्यक्ति का बयान अभी दर्ज किया जाना बाकी है।

मुंबई कोस्टल रोड 10.58 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड फ्रीवे है, जो मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली वाले छोर से जोड़ता है।

इससे पहले, 15 जुलाई को कोस्टल रोड सुरंग के अंदर एक कार में आग लग गई थी। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी।

भाषा सुरभि दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में