पुणे में तीन प्रस्तावित राजमार्गों से यातायात जाम कम होगा: फडणवीस
पुणे में तीन प्रस्तावित राजमार्गों से यातायात जाम कम होगा: फडणवीस
पुणे, 18 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को कहा कि पुणे में बनने वाले तीन बड़े राजमार्गों से शहर में यातायात की समस्या कम होगी।
वह तीन राजमार्गों के शिलान्यास समारोह में बोल रहे थे, जहां केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और कई अन्य मंत्री मौजूद थे।
इन तीन प्रस्तावित राजमार्गों में पुणे-शिरूर, हडपसर-यवत और तालेगांव-चाकन-शिक्रापुर राजमार्ग शामिल हैं।
फडणवीस ने कहा, “पुणे में यातायात जाम की गंभीर समस्या है। शहर के अंदर आने-जाने और बाहर निकलने में बहुत समय लगता है। इस समस्या को हल करने के लिए हम तीन बड़े राजमार्ग बना रहे हैं। इन तीनों राजमार्गों के निर्माण में सड़क विकास का एक नया मॉडल अपनाया गया है।”
इस अभिनव मॉडल के तहत राज्य सरकार को क्रमशः 500 करोड़ रुपये, 300 करोड़ रुपये और 150 करोड़ रुपये का अग्रिम प्रीमियम प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इन राजमार्गों का इस्तेमाल करके गाड़ियों का एक बड़ा हिस्सा पुणे शहर से गुज़रे बिना निकल सकता है, जिससे भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।
पुणे जिले में बनने वाले पुरंदर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बारे में उन्होंने कहा, “इस परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है। इस तरह की परियोजना के लिए सबसे तेजी से जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करके एक राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया गया है।”
भाषा प्रशांत नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


