उद्धव ठाकरे को समझ आ गया है कि जो राम का नहीं, किसी काम का नहीं: फडणवीस

उद्धव ठाकरे को समझ आ गया है कि जो राम का नहीं, किसी काम का नहीं: फडणवीस

उद्धव ठाकरे को समझ आ गया है कि जो राम का नहीं, किसी काम का नहीं: फडणवीस
Modified Date: July 18, 2026 / 08:22 pm IST
Published Date: July 18, 2026 8:22 pm IST

पुणे, 18 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को नागपुर के एक राम मंदिर में प्रार्थना करने पहुंचे उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवसेना (उबाठा) प्रमुख को आखिरकार यह समझ आ गया कि ‘जो राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं।’

ठाकरे के मंदिर जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा किया गया राम रक्षा पाठ (भगवान राम की स्तुति में लिखा संस्कृत स्तोत्र) केवल राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा।

फडणवीस ने पुणे में पत्रकारों से कहा, ‘सबसे पहली बात, मुझे खुशी है कि उद्धवजी को आखिरकार यह समझ आ गया कि ‘जो राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं।’ इसलिए वह भगवान राम के पास लौट आए हैं और मैं इसके लिए उन्हें बधाई देता हूं।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ठाकरे कम से कम थोड़ा राम रक्षा पाठ पढ़ेंगे और इसे केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बनाएंगे।

ठाकरे ने अपने बेटे आदित्य ठाकरे, पार्टी सांसद संजय राउत, विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार देर शाम नागपुर के राम नगर क्षेत्र स्थित राम मंदिर में पूजा-अर्चना व आरती की।

शिवसेना (उबाठा) प्रमुख ने अयोध्या के राम मंदिर में ‘चढ़ावा चोरी’ खिलाफ ‘राम रक्षा आंदोलन’ से पहले पार्टी के सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को नागपुर के एक राम मंदिर में पूजा और आरती की।

पूजा के बाद उन्होंने मंदिर के बाहर पार्टी के राम रक्षा आंदोलन के तहत आयोजित सभा को संबोधित किया।

राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामला पिछले महीने उजागर हुआ था। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को आरोपों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।

एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट 23 जून को सौंपे जाने के बाद 25 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई और आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में