ठाणे (महाराष्ट्र), 23 मार्च (भाषा) ठाणे पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी विनिमय मंच ‘कॉइनडीसीएक्स’ के दो सह-संस्थापकों को 71.6 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बहरहाल, कंपनी ने दावा किया कि प्राथमिकी झूठी है और साजिशन कुछ लोगों ने अपने को कॉइनडीसीएक्स का संस्थापक होने का दावा करते हुए लोगों को ठगा है।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी की यह कार्रवाई 16 मार्च को ठाणे के मुंब्रा थाने में कॉइनडीसीएक्स के सह-संस्थापक सुमित गुप्ता, नीरज खंडेलवाल और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और जालसाजी के आरोपों में दर्ज प्राथमिकी के बाद की गई है।
शिकायतकर्ता 42 वर्षीय एक बीमा सलाहकार ने आरोप लगाया है कि अगस्त 2025 एवं इस वर्ष मार्च के बीच उन्हें क्रिप्टोकरेंसी मंच से कथित तौर पर जुड़ी एक कंपनी में निवेश करने पर उच्च मुनाफे का झांसा देकर 71.6 लाख रुपये का चूना लगाया गया।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल शिंदे ने बताया कि मुंब्रा पुलिस की एक टीम ने शनिवार को बेंगलुरु से गुप्ता और खंडेलवाल को गिरफ्तार किया।
शिंदे के अनुसार दोनों को बाद में ठाणे लाया गया और रविवार को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें सोमवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
अधिकारी ने बताया, ‘‘इस निवेश योजना से जुड़े और भी पीड़ितों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।’’
कंपनी ने सोमवार को एक बयान में दावा किया, ‘‘हमारे सह-संस्थापकों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी झूठी है और यह कॉइनडीसीएक्स के संस्थापकों के रूप में खुद को पेश करने वाले धोखेबाजों द्वारा कंपनी के खिलाफ रची गई साजिश है, जो आम जनता को धोखा दे रहे हैं।’’
कंपनी ने कहा, ‘‘हमने इस तथ्य का संज्ञान लिया है और अपनी वेबसाइट पर आम जनता के लिए एक सूचना प्रकाशित की है कि कॉइनडीसीएक्स को ठगों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। इस पूरी साजिश में झूठा दावा किया गया है कि धनराशि नकद में तीसरे पक्ष के खातों में स्थानांतरित की गई है जिनका कॉइनडीसीएक्स से कोई संबंध नहीं है।’’
‘कॉइनडीसीएक्स’ ने कहा कि भारत के डिजिटल वित्त तंत्र में ब्रांड की नकल और उससे जुड़ी साइबर धोखाधड़ी लगातर बढ़ती चिंता का विषय है और कंपनी ऐसे कृत्यों की कड़ी निंदा करती है।
कंपनी ने कहा कि वह इस तरह के मामले से निपटने में अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है।
भाषा गोला राजकुमार
राजकुमार