पुणे, 13 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सातारा के एक स्कूल में कक्षा 10 की मराठी की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में एक शिक्षक की कथित तौर पर मदद करती कक्षा छह की दो छात्राओं का वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक होने के बाद जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना यहां से लगभग 100 किलोमीटर दूर फलटन के विदानी गांव स्थित उत्तरेश्वर हाई स्कूल में हुई, जिसके बाद एमएसबीएसएचएसई के कोल्हापुर संभागीय बोर्ड ने जांच शुरू कर दी है।
सार्वजनिक हुए वीडियो में दो छात्राएं एक शिक्षिका के साथ उत्तर पुस्तिकाएं संभालती हुई दिखाई दे रही हैं।
कोल्हापुर संभागीय बोर्ड के अध्यक्ष राजेश क्षीरसागर ने कहा ‘‘हमारी प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कक्षा छह की दोनों छात्राओं को उत्तर पुस्तिकाओं के खाली पन्नों पर केवल रेखाएं खींचने के लिए कहा गया था। हालांकि, घटना कब की है यह अभी तक पता नहीं चल पाया है। हमने आगे की जांच के लिए फलटन स्थित स्कूल में एक टीम भेजी है।’’
हालांकि, क्षीरसागर ने जोर देकर कहा कि अनधिकृत व्यक्तियों को परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं सौंपना भी नियमों का उल्लंघन है।
उन्होंने कहा, ‘‘ परीक्षा देने वाले छात्रों से अपेक्षा की जाती है कि वे खाली पन्नों पर ‘क्रॉस लाइन’ बनाएं ताकि बाद में कोई उन पर लिख न सके। आम तौर पर छात्र ये क्रॉस लाइन नहीं खींचते हैं और प्रश्नपत्रों की जांच करने वाले शिक्षकों को मूल्यांकन से पहले उन्हें चिह्नित करना पड़ता है। हालांकि प्रश्नपत्रों को किसी अनाधिकृत व्यक्ति को सौंपने की इजाजत नहीं है।’’
भाषा शोभना नरेश
नरेश