नवी मुंबई में बहन के घर से 24.42 लाख रुपये के जेवर, नकदी चुराने के आरोप में महिला गिरफ्तार

Ads

नवी मुंबई में बहन के घर से 24.42 लाख रुपये के जेवर, नकदी चुराने के आरोप में महिला गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 5, 2025 / 01:18 PM IST,
    Updated On - September 5, 2025 / 01:18 PM IST

ठाणे, पांच सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में अपनी बहन के घर से 24.42 लाख रुपये मूल्य का कीमती सामान चोरी करने के आरोप में 29 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि नवी मुंबई निवासी आरोपी को 31 अगस्त को मुंब्रा इलाके में एक घर से चोरी के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया।

मुंब्रा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अनिल शिंदे ने बताया, ‘‘शिकायतकर्ता अपने घर में ताला लगाकर अपनी मां से मिलने गई थी, तभी किसी ने कथित तौर पर डुप्लीकेट चाबी से ताला खोल कर फ्लैट में प्रवेश किया और 24.42 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गया।’’

उन्होंने कहा कि चूंकि जबरन प्रवेश का कोई संकेत नहीं था, इसलिए पुलिस को संदेह हुआ कि यह अपराध शिकायतकर्ता के किसी परिचित ने किया है।

अधिकारी ने बताया कि तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल फोन विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आठ घंटे के भीतर आरोपी तक पहुंच गई।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने शुरुआत में टीम को गुमराह किया लेकिन बाद में उसने अपनी संलिप्तता कबूल कर ली।

भाषा शोभना वैभव

वैभव

वैभव