ठाणे, 25 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी शहर में सार्वजनिक शौचालय की लाइन में आगे लगने को लेकर हुई बहस हिंसक हो गई, जिसमें चार लोगों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से 43 वर्षीय मज़दूर और उसके दो बच्चों पर हमला कर दिया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि यह घटना 22 जुलाई की सुबह पिरानीपाड़ा इलाके में हुई, और इस संबंध में चार भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इसने कहा कि शिकायतकर्ता शाहिद अली नूर मोहम्मद चौधरी और मुख्य आरोपी तारिक निजामुद्दीन अंसारी (45) के बीच उस समय कहासुनी हुई, जब अंसारी ने कतार में आगे निकलने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, बाद में अंसारी और उसके तीन भाइयों ने सड़क से गुजर रहे चौधरी, उनके बेटे और बेटी को कथित तौर पर रोक लिया तथा उन पर लाठी-डंडों एवं लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए।
चौधरी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, लेकिन अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
भाषा
प्रचेता नेत्रपाल
नेत्रपाल