ठाणे, 23 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले की कल्याण तहसील में मूसलाधार बारिश के कारण कई प्रमुख पुल जलमग्न हो गए हैं, जिससे क्षेत्र में यातायात और संपर्क व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
कल्याण के तहसीलदार विकास गरुडकर ने बताया कि कालू नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण टीटवाला-फालेगांव मार्ग पर स्थित रुंदे पुल सुबह करीब आठ बजे पानी में पूरी तरह डूब गया।
उन्होंने कहा, ‘‘जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रुंदे पुल को सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है।’’
गरुडकर ने बताया कि भारी बारिश के कारण तहसील का वालकस-वेहारे पुल भी जलमग्न हो गया है और पिछले पांच घंटे से उस पर यातायात बंद है।
उन्होंने कहा कि रुंदे और फालेगांव गांव आने-जाने वाले लोगों के लिए खडावली मार्ग से होकर दानबाव का वैकल्पिक रास्ता खुला है और उस पर यातायात सामान्य रूप से जारी है।
तहसीलदार ने बताया कि स्थानीय नदियों और नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने और यात्रा संबंधी सरकारी परामर्श का पालन करने की अपील की है।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से वाहनों और मकानों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, किसी भी घटना में जनहानि की सूचना नहीं है।
ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों में ठाणे शहर में 99.32 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस मानसून सत्र में अब तक कुल 1,893.78 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 1,270.48 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
भाषा मनीषा सिम्मी
सिम्मी