महिला मित्र के पासपोर्ट-आव्रजन संबंधी मामले में फंसा व्यक्ति

महिला मित्र के पासपोर्ट-आव्रजन संबंधी मामले में फंसा व्यक्ति

महिला मित्र के पासपोर्ट-आव्रजन संबंधी मामले में फंसा व्यक्ति
Modified Date: September 18, 2026 / 09:49 pm IST
Published Date: September 18, 2026 9:49 pm IST

मुंबई, 18 सितंबर (भाषा) मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अचानक संपर्क से बाहर हुए एक व्यक्ति के मामले में उसकी घबराई हुई पत्नी की ओर से अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि उस व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी आव्रजन संबंधी परेशानी की कहानी खुद गढ़ी थी और खुद का फोन बंद कर दिया था।

पुलिस ने बताया कि उसने उस यात्रा को छिपाने के लिए यह कहानी गढ़ी थी जिसके बारे में अपनी पत्नी से कहा था कि यह ‘पूरी तरह व्यावसायिक’ यात्रा है, लेकिन इस यात्रा में उसकी एक महिला मित्र भी शामिल थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुणे निवासी 46 वर्षीय व्यक्ति, जो कपड़े धोने (लॉन्ड्री) का कारोबार करता है, ने अपनी महिला मित्र के साथ 14 सितंबर को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर जाने की योजना बनाई थी।

हालांकि, यह योजना तब बिगड़ गई जब आव्रजन अधिकारियों ने पाया कि महिला मित्र एक पुराने पासपोर्ट का इस्तेमाल कर रही थी जिसे उसने गुम हुआ घोषित किया था।

अधिकारी ने कहा कि आव्रजन विभाग की इस कार्रवाई के कारण कानूनी पचड़े में फंसने की स्थिति पैदा हो गई। तब उस व्यक्ति को एहसास हुआ कि उसकी पत्नी, जिसे उसने बताया था कि यह यात्रा कारोबारी उद्देश्य से है, अब यह जान जाएगी कि वह एक महिला के साथ यात्रा कर रहा था।

सहर पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया, ‘‘आव्रजन विभाग द्वारा उसकी महिला मित्र को रोके जाने के बाद, कारोबारी ने अपनी यात्रा रद्द कर दी, अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और उसके साथ छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) चला गया, जो दक्षिण मुंबई में मध्य रेलवे का मुख्य रेलवे स्टेशन है।’’

अधिकारी ने कहा कि इससे पहले उसने हवाई अड्डे के लैंडलाइन फोन से अपनी पत्नी को फोन करके बताया था कि आव्रजन संबंधी समस्या के कारण उसे अपना मोबाइल फोन जमा करना पड़ा है।

अधिकारी ने कहा कि अगले दिन पत्नी से संक्षिप्त बातचीत में उसने अपनी बात दोहराई, लेकिन इसके बाद कारोबारी का फोन बंद हो गया और उससे संपर्क नहीं हो सका। अधिकारी ने कहा कि इसके बाद उसकी पत्नी बुधवार को पुलिस के पास पहुंची और उसकी शिकायत के आधार पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गई।

भाषा संतोष माधव

माधव


लेखक के बारे में