ठाणे, 11 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मुंब्रा और दिवा रेलवे स्टेशन के बीच लोकल ट्रेन से गिरकर एक महिला यात्री घायल हो गई। हालांकि जिस समय यह घटना हुई ट्रेन रुकी हुई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
महिला के ट्रेन से गिरने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया और समाचार चैनलों पर भी दिखाया गया।
यह घटना बृहस्पतिवार को उस समय हुई जब सिग्नल न मिलने के कारण लोकल ट्रेन मुंब्रा और दिवा स्टेशन के बीच रुक गई थी।
ठाणे रेलवे पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक धर्मेंद्र विष्णु अवारे द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि डिब्बे के भीतर भारी भीड़ के कारण महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से गिर गई।
महिला यात्री की तलाश करने और उसका बयान दर्ज करने के प्रयास जारी हैं।
हालांकि, ट्रेन कहां जा रही थी और घटना का सटीक समय क्या था, इससे संबंधित विवरण अभी नहीं दिया गया है।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि महिला खड़ी ट्रेन से गिरी थी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘उपलब्ध जानकारी के अनुसार, महिला एक खड़ी ट्रेन से नीचे गिर गई थी और उसे मामूली चोटें आई हैं। इस बात की जांच की जा रही है कि क्या महिला का किसी से कोई झगड़ा या कहासुनी हुई थी।’’
भाषा खारी वैभव
वैभव