ठाणे, 25 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित अपने घर से पांच महीने पहले लापता हुई मानसिक रोग से पीड़ित 38 वर्षीय एक महिला को महाराष्ट्र में एक संगठन ने उसके परिवार से मिला दिया।
मीना सोनू नाम की महिला आगरा के बोदला से भटककर महाराष्ट्र पहुंच गई थी। उसे संविता आश्रम की एक टीम ने कणकवली में पाया।
वंचित लोगों का पुनर्वास करने के लिए काम कर रहे गैर सरकारी संगठन ‘जीवन आनंद संस्थान’ के प्रवक्ता ने बताया कि महीनों के प्रयास के बाद उसे शनिवार को परिवार से मिला दिया गया।
महिला नौ मार्च को अपने घर से लापता हो गई थी। उसके परिवार ने अगले दिन आगरा के जगदीशपुर पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
प्रवक्ता ने बताया कि संगठन ने महिला के घर का पता लगाने के लिए गूगल सर्च टूल का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि तीन महीने की गहन तलाशी और उत्तर प्रदेश में स्थानीय अधिकारियों की मदद से उसके परिवार का पता लगा लिया गया।
भाषा सुभाष वैभव
वैभव