(Rang Panchami 2026/ Image Credit: IBC24 News)
Rang Panchami 2026: आज यानी रविवार 8 मार्च को रंग पंचमी का त्योहार मनाया जा रहा है। यह पर्व होली के पांचवें दिन यानी चैत्र कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन लोग एक-दूसरे पर रंग और गुलाल लगाकर त्योहार मनाते हैं। इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी को रंग-गुलाल अर्पित किया जाता है। कई लोग माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु की भी पूजा कर उन्हें अबीर और गुलाल चढ़ाते हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी ने पहली बार होली खेली थी। उन्हें रंग लगाते देख देवी-देवताओं ने पुष्पों की वर्षा की। इसलिए इस दिन को ‘देवताओं की होली’ भी कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन रंग-गुलाल अर्पित करने से कुंडली दोष दूर होते हैं और घर-परिवार में सुख-समृद्धि आती है।
इस दिन सूखे गुलाल को हवा में उड़ाने की परंपरा है। ऐसा करने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और सकारात्मक, सात्विक ऊर्जा का संचार होता है। यही कारण है कि कई स्थानों पर रंग पंचमी को देवताओं की होली भी कहा जाता है। लोग रंग खेलते हुए खुशियां और भाईचारे का संदेश फैलाते हैं।
सुबह स्नान कर साफ कपड़े पहनें। लकड़ी की चौकी पर पीले कपड़े बिछाकर राधा-कृष्ण की मूर्ति या तस्वीर रखें। कलश में स्वास्तिक बनाकर पानी भरें। श्री राधा-कृष्ण को पंचामृत और गंगाजल से स्नान कराएं, नए वस्त्र पहनाएं, फूल और माला से सजाएं। फिर गुलाल, पीला चंदन, अक्षत अर्पित करें और भोग लगाकर दीपक जलाएं। अंत में आरती करें।
सुख-समृद्धि के लिए भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करें। उन्हें कमल का फूल और लाल गुलाब अर्पित करें। पीला रंग भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण को प्रिय माना जाता है। इसके अलावा खीर, सफेद मिष्ठान और बताशा चढ़ाएं। जरूरतमंदों को चावल और शक्कर का दान करें। ऐसा करने से घर में धन-संपत्ति और खुशियां बनी रहती है।