एमएसटीसीएल उप-स्टेशन में आग लगने से पिंपरी-चिंचवड़ में बिजली आपूर्ति बाधित

Ads

एमएसटीसीएल उप-स्टेशन में आग लगने से पिंपरी-चिंचवड़ में बिजली आपूर्ति बाधित

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 07:35 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 07:35 PM IST

पुणे, छह सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र राज्य विद्युत पारेषण कंपनी लिमिटेड (एमएसईटीसीएल) के एक उपस्टेशन में तकनीकी खराबी के कारण रविवार दोपहर आग लग गई, जिससे पिंपरी-चिंचवड़ के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, चिंचवड़ स्थित एमएसईटीसीएल के परिसर में 22 केवी करंट ट्रांसफॉर्मर और ब्रेकर यूनिट में विस्फोट के बाद दोपहर करीब 12.25 बजे आग लग गई।

दमकल कर्मियों ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। इसके बाद सबस्टेशन के प्रभावित हिस्से को बंद कर दिया गया और एमएसईटीसीएल तथा महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमएसईडीसीएल) के अधिकारियों ने बाकी हिस्सों से बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम शुरू किया।

इससे एमएसईडीसीएल को बिजली आपूर्ति करने वाले कई 22 केवी हाई-वोल्टेज फीडर प्रभावित हुए। इसके चलते प्राधिकरण, रावेत, कालेवाड़ी, वाकड, पिंपले गुरव, पिंपले निलख, सांगवी, पुनावले और ताथवड़े समेत पिंपरी-चिंचवड़ के कई इलाकों में बिजली गुल रही।

अधिकारियों ने बताया कि एमएसईटीसीएल के कर्मचारियों को प्रभावित हिस्सों से जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर लगाया गया, जबकि एमएसईडीसीएल ने वैकल्पिक मार्गों से उपभोक्ताओं को बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास किया।

घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

भाषा

राखी नरेश

नरेश