भोपाल, चार जून (भाषा) मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीट के लिए मंगलवार सुबह मतगणना शुरू हो गई। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य विधानसभा चुनावों में अपनी शानदार जीत के बाद लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 सीट जीतने की उम्मीद कर रही है।
एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई।
राज्य में लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, सात मई और 13 मई को चार चरणों में संपन्न हुए थे। सभी चरणों का मतदान प्रतिशत 66.87 रहा।
एक अधिकारी ने बताया कि मतगणना के लिए 22,595 अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ईवीएम के वोट की गिनती के लिए कुल 3,883 टेबल लगाई गई हैं, जबकि डाक मतपत्रों की गिनती के लिए 242 टेबल लगाई गई हैं।
मतगणना की प्रक्रिया डाक मतपत्रों की गिनती के साथ शुरू हुई।
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने कांग्रेस के दिग्गज नेता कमल नाथ के गढ़ छिंदवाड़ा को छोड़कर 29 में से 28 सीट पर जीत हासिल की थी।
इस बार के प्रमुख उम्मीदवारों में राजगढ़ से कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, गुना से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, खजुराहो से भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वी.डी शर्मा, रतलाम-झाबुआ से पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और छिंदवाड़ा से कमलनाथ के बेटे एवं निवर्तमान सांसद नकुल नाथ शामिल हैं।
मतगणना के लिए केंद्रीय बलों की 18 कंपनियां, विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) की 45 कंपनियां और जिला सुरक्षा बलों के 10,000 जवानों को तैनात किया गया है।
भाजपा के चुनाव अभियान का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ-साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुख्यमंत्री मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जैसे वरिष्ठ नेताओं ने किया।
वहीं, कांग्रेस की तरफ से चुनाव अभियान का नेतृत्व राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी वाद्रा ने किया।
भाषा दिमो खारी
खारी